Site icon Aditya News Network – Kekri News

भेड़ चराने गई महिला से लूट व मारपीट, सोने का मांदलिया व चेन छीनकर भागा बदमाश

केकड़ी: अजमेर के जेएलएन अस्पताल में उपचाररत महिला।

केकड़ी, 15 जनवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी सिटी थाना इलाके के मोलकिया गांव में जंगल में भेड़ चराने गई एक महिला के साथ अज्ञात बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया है। अज्ञात बदमाशों ने महिला के साथ जमकर मारपीट भी की। जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला का अजमेर के जेएलएन अस्पताल में उपचार चल रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार को दिन में मोलकिया निवासी ग्यारसी बैरवा पत्नी लालाराम बैरवा जंगल में भेड़ चरा रही थी। इस दौरान बाइक सवार एक अज्ञात बदमाश आया और महिला से भैंस के बारे में पूछा। महिला द्वारा अनभिज्ञता जताने पर बदमाश ने महिला के हाथ से लकड़ी छीनकर उसके सिर पर वार कर दिया। जिससे वह बेहोश हो गई।

मौके से रफूचक्कर हुआ बदमाश अज्ञात बदमाश ने बेहोशी की हालत में महिला के गले में पहने सोने के मांदलिया व चेन लूट ली व फरार हो गया। घटना के काफी देर बाद महिला को होश आया। इसके बाद वह जैसे-तैसे करके घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने महिला को केकड़ी के राजकीय जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से हालत गंभीर होने पर उसे अजमेर रैफर कर दिया गया है। फिलहाल महिला का अजमेर के जेएलएन अस्पताल में उपचार जारी है। इस संबंध में फिलहाल पुलिस थाने में किसी तरह की कोई रिपोर्ट नहीं दी गई है। इधर घटना को गंभीरता से लेते हुए एएसपी नितेश आर्य ने सिटी थानाधिकारी को फोन कर मामले में जांच करने के निर्देश दिए हैं।

Exit mobile version