Site icon Aditya News Network – Kekri News

भ्रष्टाचार की शिकायतों पर नहीं हुई प्रभावी कार्रवाई, नाराज पालिका पार्षद ने दिया कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा

केकड़ी: कांग्रेस पार्षद इन्दु कंवर राणावत (फाइल फोटो)

केकड़ी, 25 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी नगर पालिका में वार्ड संख्या 5 से कांग्रेस पार्षद इंदु कंवर राणावत ने भ्रष्टाचार की शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना त्यागपत्र राजस्थान के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा को वाया रजिस्टर्ड एडी भेजा है। अपने त्यागपत्र में राणावत ने लिखा कि वह इण्डियन नेशनल कांग्रेस पार्टी की सदस्या है। उन्होंने पार्टी के सिंबल पर नगर पालिका के वार्ड संख्या 5 से पार्षद का चुनाव लड़ा और निर्वाचित हुई। जिसके बाद नगर पालिका में कांग्रेस पार्टी का बोर्ड बना।

पालिका बोर्ड से भी वापस लिया समर्थन बोर्ड के गठन के बाद पालिका द्वारा उनके वार्ड सहित अन्य वार्डों में घटिया निर्माण सामग्री से विकास कार्य करवाए गए। जिसकी शिकायत उनके प्रतिनिधि मोड़सिंह राणावत ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत तथा विधायक डॉ. रघु शर्मा से की। मगर भ्रष्टाचारियों पर कार्यवाही करने के बजाय विधायक शर्मा आग बबूला हो गए और सार्वजनिक रूप से उनके साथ अभद्र व्यवहार कर अपमानित किया। जिससे व्यथित हो कर वह कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र दे रही है। साथ ही राणावत ने नगर पालिका बोर्ड के गठन में कांग्रेस पार्टी को दिया अपना समर्थन भी वापस ले लिया है।

Exit mobile version