केकड़ी, 14 जनवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): कस्बे में शनिवार को मकर संक्रांति का पर्व परम्परागत हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान लोगों ने गायों को गुड़, तिल के लड्डू व हरा चारा खिलाया एवे दान पुण्य किया। बच्चों ने दिनभर पतंगबाजी का आनन्द लिया। घरों में तिल व गुड़ से बने व्यंजन बनाए गए। लोगों ने देवगांव गेट स्थित गोशाला, जयपुर रोड स्थित गोशाला व कादेड़ा रोड स्थित बढ़ते कदम गोशाला में गायों को हरा चारा व गुड़ खिलाया।
बढ़ते कदम गोशाला केकड़ी कादेड़ा रोड स्थित बढ़ते कदम गोशाला में पूर्व मंत्री एवं केकड़ी विधायक डॉ. रघु शर्मा, पीसीसी सदस्य सागर शर्मा, पालिका अध्यक्ष कमलेश साहू, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष समरवीर सिंह शक्तावत, कांग्रेस नेता शैलेन्द्र सिंह शक्तावत, राजेन्द्र भट्ट, धर्मीचन्द न्याती, धनेश जैन, रतन पंवार आदि ने गायों को हरा चारा व गुड़ खिलाया। शुरुआत में संस्थान के पदाधिकारियों ने अतिथियों का माल्यार्पण व साफा बंधवा कर स्वागत किया।
इम्मानुएल मिशन विद्यालय केकड़ी मकर संक्रांति के अवसर पर शनिवार को विद्यालय में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। व्यवस्थापक बिचित्र सुना ने पर्व के महत्व पर प्रकाश डाला। इस दौरान छात्राओं की पतंग बनाओ प्रतियोगिता में तनवी नोगिया ने प्रथम व खुशी गोस्वामी ने द्वितीय एवं छात्रों की पतंग उड़ाओ प्रतियोगिता में विकास चौधरी की टीम प्रथम रही। सितोलिया प्रतियोगिता में गुन्जन न्याती की टीम विजयी रही।
राजकीय महाविद्यालय केकड़ी राष्ट्रीय सेवा योजना एवं महिला प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को पतंगबाजी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। योजना प्रभारी डॉ अनीता रायसिंघानी ने बताया प्रतियोगिता में राष्ट्रीय एकता, अखंडता व सामाजिक सद्भाव से संबंधित मैसेज लिखकर पतंग उड़ाई गई। छात्रों की ओर से हार्दिक शर्मा, सूरज चौधरी, अभिषेक, हिपेन राज, रमेश यादव ने श्रेष्ठ प्रदर्शन किया। स्टॉफ सदस्यों की ओर से प्राचार्य पीयूष कुमार गुप्ता, देवेंद्र सोलंकी, शिखा माथुर ने बेहतरीन पतंगबाजी का प्रदर्शन किया। निर्णायक की भूमिका रजनी, ज्योति व चेरियान मैथु ने निभाई। कार्यक्रम में गौरव पाराशर, सीपी कुमावत, हर्षित तोषनीवाल ने विशेष सहयोग किया। कार्यक्रम प्रभारी नीता चौहान ने आभार जताया।
मकर संक्रांति पर चला दान-पुण्य का दौर, गोसेवा कर कमाया पुण्य
