केकड़ी, 06 जून (आदित्य न्यूज नेटवर्क): यहां पुरानी केकड़ी में चारभुजा मंदिर के पास रहने वाले वैद्य कृष्ण दत्त व्यास का सोमवार रात्रि को आकस्मिक निधन हो गया। व्यास के निधन की सूचना मिलते ही भारत विकास परिषद के सदस्यों ने पुत्र गोपाल व्यास, पुत्रवधु सीमा व्यास एवं पौत्र देवांश व्यास व हिमेश व्यास से सम्पर्क कर नेत्रदान के लिए प्रेरित किया। भाविप के सदस्यों का कहना रहा कि मरणोपरांत नेत्रदान करने चाहिए, ताकि मरकर भी उनकी आंखे दुनियां देख सके। परिजनों की स्वीकृति के बाद भाविप के अध्यक्ष महेश मंत्री ने जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय अजमेर की आई बैंक सोसायटी में सम्पर्क किया।
टीम ने प्राप्त किया कार्निया आई बैंक सोसायटी के प्रभारी डॉ. भरत कुमार शर्मा अपनी टीम के साथ रात को ही अजमेर से केकड़ी पहुंचे। आवश्यक जांच पड़ताल के बाद चिकित्सकों की टीम ने व्यास की आंखों का कार्निया प्राप्त कर लिया। इस मौके पर भाविप के संरक्षक रामनरेश विजय, अध्यक्ष महेश मंत्री, सचिव दिनेश वैष्णव, प्रांतीय कार्यकारिणी प्रतिनिधि सर्वेश विजय, रामगोपाल सैनी, राजेश विजय, सुनील पाराशर समेत कई जने मौजूद रहे।
मरने के बाद भी दुनिया देखेंगी व्यास की आंखें, मरणोपरांत हुआ नेत्रदान, महादान को लेकर गर्व महसूस कर रहे परिजन
