Site icon Aditya News Network – Kekri News

महिलाओं से लगा रही गुहार, समर्थन दो फिर से एकबार… चौका चूल्हा छोड़कर, पत्नियां कर रही पति का प्रचार…

केकड़ी: रजनी गौतम व वीरा शर्मा (फाइल फोटो)

केकड़ी, 19 नवम्बर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): विधानसभा चुनाव में सफलता प्राप्त करने के लिए जहां प्रत्याशी हरसंभव प्रयास कर रहे है। वहीं इनकी पत्नियां भी पीछे नहीं है। ये अपने पति को विजयी बनाने के लिए जी—जान से जुटी हुई है। ये रोजाना का चूल्हा-चौका छोड़कर सुबह से रात तक पति के चुनाव प्रचार का मोर्चा संभाल रही हैं। इनका मुख्य फोकस महिला मतदाताओं पर है।

उमंग व उत्साह से कर रही प्रचार जनसम्पर्क के दौरान महिलाओं से गले मिलने के साथ वे बुजुर्गों के पांव छू रही हैं, वहीं नौजवानों और महिलाओं को नमस्ते भी कह रही है। महिलाओं में प्रचार का उत्साह व उमंग इतना अधिक है कि कई घंटे चलने के बाद भी चेहरे पर थकान नजर ही नहीं आ रही हैं। इनका मानना है कि थकावट तो हो रही है, लेकिन यह थकावट जीतने के बाद उतर जाएगी।
केकड़ी: प्रचार अभियान के दौरान महिलाओं से मिलती कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. रघु शर्मा की पत्नी वीरा शर्मा।

कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. रघु शर्मा की पत्नी वीरा शर्मा भी महिलाओं को साथ लेकर मैदान में उतर चुकी है। जनसम्पर्क के दौरान वीरा शर्मा अपने पति डॉ. रघु शर्मा द्वारा कराए गए विकास कार्यों को गिना रही है। शर्मा सुबह घर से प्रचार करने के लिए निकलती हैं और शाम तक कई जगह पर महिलाओं के साथ मीटिंग करती है और घर-घर लोगों से वोट मांगती हैं। उनका मानना है कि घर के काम तो रोज ही होते हैं, चुनाव एक ही बार आते हैं इसलिए इस समय सारा ध्यान अपने पति को जिताने पर है। वे महिलाओं से मिलकर गिले शिकवे दूर करने और कांग्रेस के पक्ष में वोट देने की अपील कर रही हैं।
केकड़ी: प्रचार अभियान के दौरान महिलाओं से मिलती भाजपा प्रत्याशी शत्रुघ्न गौतम की पत्नी रजनी गौतम।

भाजपा प्रत्याशी शत्रुघ्न गौतम की पत्नी रजनी गौतम महिला संगठन से जुड़े पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को लेकर डोर—टू—डोर प्रचार कर रही है। प्रचार के दौरान रजनी गौतम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा महिलाओं के लिए कराए गए कामों का बखान कर रही है, इसी के साथ पति के पिछले कार्यकाल की उपलब्ध्यिों के बारे में भी बता रही है। वह सुबह से शाम तक गलियों में घूम कर लोगों से मिल रही हैं। पति शत्रुघ्न की खूबियां बता रही हैं, साथ ही हलके के विकास का विजन भी बताती हैं। बुजुर्गों के पांव छूकर आशीर्वाद के साथ भाजपा के पक्ष में वोट डालने के लिए कहती हैं और लोगों की समस्या भी सुनती हैं।

Exit mobile version