Site icon Aditya News Network – Kekri News

युवा शक्ति में नकारात्मकता का भाव दूर करना तथा सकारात्मक क्रियाशीलता को बढ़ावा देना फाउंडेशन का मुख्य उद्देश्य

केकड़ी (आदित्य न्यूज नेटवर्क) श्री क्षात्र पुरुषार्थ फाउंडेशन (एसकेपीएफ) के द्वारा किए जाने वाले कार्यों का विस्तार करने के लिए रविवार को जूनिया बघेरा क्षेत्र की एक दिवसीय कार्यशाला छाबड़िया गढ़ में आयोजित की गई। शुरुआत में श्री क्षत्रिय युवक संघ के वरिष्ठ स्वयंसेवक भगवान सिंह देवगांव ने संघ के संस्थापक तनसिंह के चित्र पर माल्यार्पण किया। गणेश वंदना के बाद कार्यक्रम शुरु किया गया। फाउंडेशन के सदस्य देशराज सिंह लसाड़िया ने फाउंडेशन के उद्देश्य के बारे में बताते हुए कहा कि आज समाज में युवाओ के दिल में व्यवस्था के प्रति जो नकारात्मक भाव है, उसे दूर कर समाज में सकारात्मक क्रियाशीलता को बढ़ावा देना संगठन का मुख्य उद्देश्य है। संविधान में जो बातें लिखी गयी है वो हमारे पूर्वजों के हमेशा से आदर्श वाक्य रहे है। सम्पूर्ण प्रभुत्व सम्पन्न राज्य के लिए हम सदियों से लड़ते आये है। धर्मनिरपेक्षता की बात करें तो इतिहास में हमने धर्म के आधार पर कभी भेदभाव नहीं किया। हर जाति वर्ग को समान भाव से देखा। इसी प्रकार संविधान के जो मूल तत्व है। वो हमारे इतिहास व वर्तमान के अनुकूल है इसलिये संविधान के प्रति हमारे मन में आदर भाव होना चाहिए।  हमें किस प्रकार आज के युग के संवैधानिक साधनों का उपयोग करना है। अन्याय के खिलाफ प्रतिकार करना हमारा नैसर्गिक गुण है। पर आज युद्ध के साधन बदल गए है। ऐसे में हमें RTI, PIL, संपर्क पोर्टल आदि साधनों का उपयोग करना सीखना होगा। हम अपने गांव या शहर को अपना माने, ये हमारे ही पूर्वजो द्वारा बसाए गए है। यहां की तकलीफों व कमियों से हमे पूरा सरोकार रखना चाहिए। विभिन्न सरकारी योजनाओं जैसे विधवा पेंशन योजना, पालनहार योजना, श्रमिक कार्ड आदि को लेकर अपने अपने क्षेत्र में अधिकतम सहयोग किया जाना चाहिए। श्री क्षात्र पुरुषार्थ फाउंडेशन के अजमेर टीम के सदस्य गिरधर सिंह छाबड़िया ने कार्यक्रम का संचालन किया तथा अपने क्षेत्र में उपरोक्त बिंदुओ पर  कैसे कार्य कर सकते है। इसके बारे में जानकारी दी। उन्होंने आगामी कार्य योजना से भी परिचय करवाया। उन्होंने बताया कि यह विस्तार कार्यक्रम सम्पूर्ण अजमेर जिले में चलेगा। जिसके तहत तहसील स्तर तक SKPF पहुचने का प्रयास करेगा। कार्यक्रम में राव आनंद सिंह जूनिया, बलवंत सिंह कणौंज, महेंद्र सिंह धुवालिया, भूपेंद्र सिंह कणौंज, शक्ति सिंह कणौंज, रघुराज सिंह जूनिया, छत्रपाल सिंह देवलिया, करणजीत सिंह देवगांव, कर्ण सिंह लसाड़िया आदि मौजूद रहे।

Exit mobile version