Thursday, May 1, 2025
Homeव्रत एवं त्योहाररंगपंचमी पर मस्ती और धमाल, चारों ओर उड़ता दिखा रंग और गुलाल

रंगपंचमी पर मस्ती और धमाल, चारों ओर उड़ता दिखा रंग और गुलाल

केकड़ी, 12 मार्च (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी उपखण्ड में रविवार को रंगपंचमी पर्व पर होली खेली गई। लोगों ने एक-दूसरे के रंग व गुलाल लगाकर पर्व की खुशी का इजहार किया। केकड़ी कस्बे में भी रंगों का पर्व होली उत्साह व उमंग के साथ मनाया गया। इस बार होली पर्व पर किसी तरह की बंदिशें नहीं होने से युवा वर्ग में जबरदस्त जोश नजर आया। बस स्टैण्ड, घण्टाघर, तीनबत्ती चौराहा समेत नगर के प्रमुख इलाकों में डीजे व ढोल की धुनों पर नाचते युवाओं की टोलियों ने पर्व की खुशियों को दोगुना कर दिया।

दोपहर तक जारी रहा हुडदंग इस बार रंगपंचमी के दिन बच्चे जल्दी ही घरों से बाहर निकल गए। किशोर व युवा वर्ग थोड़ी देर से निकला लेकिन दोपहर बाद तक होली का हुडदंग जारी रहा। युवा वर्ग में होली का जोरदार जोश नजर आया। उन्होंने फागुनी गीत व ढोल की थाप के बीच होली का आनन्द उठाया। विभिन्न समाज के लोगों ने समाज के घरों में जाकर होली खेली व एक-दूसरे को शुभकामनाएं दी।

सुनाए फागुन के मस्ती भरे गीत नवयुवकों ने चंग की थाप पर होली व फागुन के मस्ती भरे गीत सुनाकर पर्व का उल्लास दोगुना कर दिया। रंगपंचमी के अवसर पर कस्बे में शांति व कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधिकारियों ने लगातार पेट्रोलिंग की। कस्बे में प्रमुख स्थानों पर अतिरिक्त जाब्ता तैनात किया गया। रंगपंचमी के अवसर पर विभिन्न मंदिरों में फागोत्सव का आयोजन भी किया गया।

RELATED ARTICLES