Thursday, March 13, 2025
Homeशासन प्रशासनराजस्व मंत्रालयिक कर्मचारियों ने अजमेर में राजस्व मण्डल का किया घेराव, जताया...

राजस्व मंत्रालयिक कर्मचारियों ने अजमेर में राजस्व मण्डल का किया घेराव, जताया विरोध

केकड़ी, 15 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): राजस्थान राजस्व मंत्रालयिक कर्मचारी संघ कें आव्हान पर राज्य के राजस्व, उनपनिवेशन एवं भूप्रबंध विभाग के मंत्रालयिक कर्मचारियों ने शुक्रवार को अजमेर में राजस्व मण्डल का घेराव किया। राजस्थान राजस्व मंत्रालयिक कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष शम्भूसिंह राठौड़ ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा की गई बजट घोषणा अनुसार अधीनस्थ मंत्रालयिक कर्मचारियों का केडर रिव्यू किया जाना है। राज्य सरकार द्वारा राजस्व मण्डल से केडर रिव्यू की सूचना चाही जा रही है। परन्तु राजस्व मण्डल द्वारा उक्त सूचना नहीं भिजवाई जा रही है एवं संघ के मांगपत्र अनुसार उपखण्ड कार्यालयों में राजस्व न्यायालयों में सुधार व कार्यभार के अनुपात में अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी सहित अन्य पदों के सृजन संबंधी सूचना भी राजस्व मण्डल से चाही गई है, परन्तु राजस्व मण्डल द्वारा 2 माह बीत जाने के बाद भी यह सूचना सरकार को नहीं भिजवाई जा रही है। राजस्थान राजस्व मंत्रालयिक कर्मचारी संघ के प्रदेश महामंत्री टील सिंह महेचा ने बताया कि राजस्थान के समस्त जिला कलेक्टर कार्यालय, उपखंड कार्यालय तहसील एवं उपतहसील कार्यालय, संभागीय आयुक्त कार्यालय, राजस्व अपील अधिकारी कार्यालय सहित उपनिवेशन विभाग, बीकानेर एवं जैसलमेर व भू प्रबंध विभाग के कर्मचारियों ने आज अजमेर में उपस्थित होकर अपना रोष व्यक्त किया है।

केकड़ी: अजमेर में आयोजित घेराव के दौरान कर्मचारियों को संबोधित करते शम्भूसिंह राठौड़।

वार्ता में किया आश्वस्त बाद में राजस्व मंडल के अध्यक्ष राजेश्वर सिंह एवं निबंधक महावीर प्रसाद शर्मा के साथ संघ के पदाधिकारियों की वार्ता हुई। जिसमें राजस्व मंत्रालयिक कर्मचारियों का कैडर रिव्यू कर सात दिवस में सरकार को भिजवाने का आश्वासन दिया गया एवं उपखंड कार्यालय में अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी के पद के आवंटन पर सहमति हुई। अन्य मांगों के संबंध में राज्य सरकार को सकारात्मक रिपोर्ट भिजवाने पर सहमति होने के बाद कर्मचारियों की सभा विसर्जित हुई। सभा को प्रदेश सलाहकार अंबाराम बोसिया, प्रदेश उपाध्यक्ष रुस्तम खान, राजेंद्र चौहान, प्रीतम सिंह, प्रदेश संयुक्त महामंत्री सुरेश तोबढ़िया, राजाराम नागर, सियाराम शर्मा, राकेश श्रीवास्तव, सीताराम पासवान, अतुल भार्गव, सतीश सैनी सहित अन्य कर्मचारी नेताओं ने संबोधित किया।

RELATED ARTICLES