केकड़ी, 30 सितंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): राजस्थान सरकार ने अजमेर जिले के हिंगोनिया निवासी कुलवीर सिंह केशावत को वंशावली संरक्षण एवं संवर्धन अकादमी राजस्थान का सदस्य नियुक्त किया है। केशावत की नियुक्ति पर अकादमी के अध्यक्ष रामसिंह राव ने गुरुवार को जयपुर स्थित कार्यालय में केशावत को नियुक्ति पत्र प्रदान किया तथा माल्यार्पण कर स्वागत किया। रणजीत सिंह केशावत ने बताया कि अजमेर जिले से केवल कुलवीर सिंह केशावत की नियुक्ति की गई है, यह समाज के लिए बेहद हर्ष की बात है। कुलवीर सिंह सामाजिक कार्यों में सदैव अग्रणी भूमिका निभाते है। वंशावली संरक्षण कार्य में इनकी विशेष रुचि है।
वंशावली संरक्षण के लिए करेंगे युवाओं को प्रेरित नवनियुक्त अकादमी सदस्य कुलवीर सिंह का कहना रहा कि वंशावली हमारे अतीत का आईना है, जो हमारे अस्तित्व का ज्ञान करवाती है। वे इस पद की जिम्मेदारी का पूर्ण निष्ठा से पालन करेंगे तथा वंशावली संरक्षण, लेखन, वांचन एवं श्रवण के लिए युवाओं को विशेष रूप से प्रेरित करेंगे। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने केशावत को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दी।
राज्य सरकार ने केशावत को बनाया अकादमी का सदस्य, समाजबंधुओं ने जताया हर्ष
