केकड़ी, 26 अक्टूबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर गुरुवार को केकड़ी शहर, कादेड़ा ग्रामीण, बावन माता सावर व बघेरा ब्रह्माणी माता मंडल की संयुक्त बैठक भाजपा प्रत्याशी शत्रुघ्न गौतम के आवास पर आयोजित की गई। बैठक में उत्तरप्रदेश सरकार के वरिष्ठ मंत्री व अजमेर संभाग के चुनाव प्रभारी महेंद्र प्रताप सिंह मुख्य अतिथि एवं हरियाणा सरकार पर्यटन बोर्ड के चैयरमेन व अजमेर जिला देहात चुनाव प्रभारी अरविंद यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अध्यक्षता केकड़ी विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी शत्रुघ्न गौतम ने की। बैठक को संबोधित करते हुए अतिथियों ने एकजुटता के साथ कार्य करने एवं भारतीय जनता पार्टी की विजय सुनिश्चित करने के लिए अभी से कमर कसने की बात कही। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की नाकामियों एवं केन्द्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के बारे में लोगों को जानकारी दी जानी चाहिए, जिससे भाजपा के पक्ष में अधिकाधिक मतदान हो तथा भाजपा प्रत्याशी विजयी हो सके।
केकड़ी: भाजपा की बैठक में मंचासीन अतिथि एवं स्थानीय पदाधिकारी।
अतिथियों का किया स्वागत शुरुआत में अतिथियों का माल्यार्पण व दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया गया। बैठक में कांग्रेस विधायक पर निशाना साधा हुए शत्रुघ्न गौतम ने भ्रष्टाचार को मुख्य मुद्दा बनाया। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में जमकर भ्रष्टाचार हुआ है। कार्य की गुणवत्ता स्तरहीन है। बड़े बड़े दावे कर जनता को गुमराह किया जा रहा है। इस दौरान केकड़ी विधानसभा संयोजक सत्यनारायण चौधरी, जिला उपाध्यक्ष रिंकू कंवर राठौड़, जिला महामंत्री रायचंद बागड़ी, पंचायत समिति प्रधान होनहार सिंह राठौड़, विस्तारक नरेश योगी, शहर मंडल अध्यक्ष अनिल राठी आदि ने भी संबोधित किया। संचालन शहर मण्डल महामंत्री रामबाबू सागरिया ने किया। आभार जिला मंत्री रामकिशन गुर्जर ने जताया। इस मौके पर चारों मण्डल के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।