केकड़ी, 25 सितंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): आगामी 25 अक्टूबर 2023 को बडोत में आचार्य विशुद्ध सागर महाराज के पावन सानिध्य में दीक्षा ग्रहण करने वाले दीक्षार्थी सिद्धम भैया की दीक्षा पूर्व गोद भराई का आयोजन कस्बे के विभिन्न दिगम्बर जैन मंदिरों में किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दीक्षार्थी ने कहा कि मानव जीवन में संस्कारों का बड़ा महत्व है। सच्चे देव, शास्त्र, गुरु हमें सन्मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करते हैं।
निकाला भव्य जुलूस मीडिया प्रभारी रमेश बंसल एवं पारस जैन ने बताया कि सबसे पहले बोहरा कॉलोनी स्थित नेमिनाथ मंदिर में गोद भराई की गई। यहां समाज के महिला पुरूषों ने दीक्षार्थी की गोद भराई की। इसके बाद दीक्षार्थी को दो घोड़ों की बग्घी में बैठाकर भव्य जुलूस निकाला गया। जो नेमीनाथ मंदिर से रवाना होकर विभिन्न मंदिरों के दर्शन कर चन्द्रप्रभु जैन चैत्यालय पहुंचा। यहां दिगम्बर जैन मुनि सुश्रुत सागर महाराज के पावन सानिध्य में गोद भराई का कार्यक्रम हुआ। इस मौके पर दिगम्बर जैन समाज के कई महिला पुरुष मौजूद रहे।