केकड़ी, 21 जून (आदित्य न्यूज नेटवर्क): शहर में विकास कार्य करवाने को लेकर नगर पालिका द्वारा बुधवार को अजमेर रोड पर राजकीय महाविद्यालय के पीछे करीब दो दर्जन व्यावसायिक भूखंडों की नीलामी प्रक्रिया शुरु की गई। कुछ भूखंडों की नीलामी प्रक्रिया पूरी होने के बाद बोलीदाताओं ने पालिका प्रशासन पर मिलीभगत के आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। बोलीदाताओं ने आरोप लगाया कि पालिका प्रशासन अपने चहेतों को फायदा पहुंचाने की नियत से कार्य कर रहा है। इस दौरान जोरदार गहमागहमी हो गई। पालिका के अधिकारी, कर्मचारी व बोलीदाता जोर जोर से बोलने लगे। शोर शराबे के बीच कौन क्या बोल रहा है, इस बारे में कुछ भी समझ में नहीं आ सका। पालिका प्रशासन पर मनमानी का आरोप लगाते हुए कई बोलीदाता मौके से रवाना हो गए।
पालिका प्रशासन के पास सर्वाधिकार सुरक्षित इसके बाद पालिका प्रशासन ने बुधवार को होने वाले शेष भूखण्डों की नीलामी स्थगित कर दी। इस संबंध में पालिका के अधिशासी अधिकारी बसंत कुमार सैनी का कहना रहा कि मिलीभगत अथवा चहेतों को लाभ पहुंचाने के आरोप सर्वथा गलत है। खुली नीलामी के मामले में सर्वाधिकार पालिका के पास सुरक्षित है। पालिका प्रशासन का निर्णय ही अंतिम माना जाएगा। बुधवार को नीलामी में शेष रहे भूखण्डों की नीलामी प्रक्रिया आगामी दिनों में की जाएगी। जिसकी तारीख जल्दी ही घोषित कर दी जाएगी। गुरुवार को होने वाली नीलामी प्रक्रिया यथावत रहेगी।
