केकड़ी, 10 अक्टूबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी घोषित होने के बाद मंगलवार को पहली बार केकड़ी आगमन पर पूर्व संसदीय सचिव शत्रुघ्न गौतम का कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। उत्साह से परिपूर्ण कार्यकर्ताओं एवं आमजन ने केकड़ी विधानसभा क्षेत्र की सीमा में प्रवेश करने के साथ ही गौतम का भव्य स्वागत अभिनन्दन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल मालाओं से लाद दिया। कार्यकर्ताओं ने गौतम का साफा बंधवा कर अभिनन्दन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं का जोश देखते ही बन रहा था। गौतम ने सभी कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
एकजुट रहने के लिए किया प्रेरित केकड़ी पहुंचने के बाद गौतम ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए एकजुटता से कार्य करने, केकड़ी में कमल खिलाने एवं कांग्रेस राज बदलने की बात कही। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का उत्साह बता रहा है कि इस बार केकड़ी सीट भाजपा के खाते में जा रही है। लोग कांग्रेस के कुशासन से आहत है। गहलोत की अधिकतर घोषणाएं थोथी साबित हुई है। प्रदेश की अधिसंख्यक महिलाओं को फोन नहीं दिया गया, जिससे उनमे गुस्सा है। जनता ने परिवर्तन का मानस बना लिया है। भाजपा कार्यकर्ताओं को यह जोश और उत्साह बरकरार रखना है।
ये रहे मौजूद इस मौके पर भाजपा शहर मण्डल अध्यक्ष अनिल राठी, पूर्व प्रधान किशनलाल बैरवा, प्यारेलाल खटीक, राजवीर भीचर, पूर्व सरपंच राजवीर हावा, भाजयुमो के देहात जिला उपाध्यक्ष व पार्षद मनोज कुमावत, महिला मोर्चा अध्यक्ष अनिता राठी, जिला मंत्री पूनमकंवर, दमयंती जोशी, अश्वनी शर्मा समेत भाजपा शहर मण्डलों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं भाजपा कार्यकर्ता व समर्थक मौजूद रहे।