केकड़ी, 21 अक्टूबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): यहां सिटी थाना पुलिस में शनिवार को जिला स्तरीय पुलिस शहीद दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर पुलिस अधिकारियों ने बीते साल शहीद हुए 189 पुलिस व पैरामिलिट्री फोर्स के जवानों को याद किया। एमबीसी की टुकड़ी ने शहीद जवानों को गार्ड आफ ऑनर दिया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश आर्य, पुलिस उप अधीक्षक संजय सिंह चम्पावत समेत अन्य पुलिस अधिकारियों ने शहीदों के सम्मान में पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
केकड़ी: पुलिस शहीद दिवस पर सिटी थाना परिसर में पौधरोपण करते पुलिस अधिकारी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश आर्य ने शहीद जवानों के नाम बोलकर उन्हें याद करते हुए कहा कि देश सेवा के लिए त्याग एवं बलिदान की मिसाल कायम करने वाले उन जांबाज सिपाहियों से प्रेरणा लें, जिन्होंने अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए देश सेवा के लिये अपनी शहादत दी हैं। इस दौरान थाना परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। जिसमे पुलिस अधिकारियों व जवानों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए।
केकड़ी: पुलिस शहीद दिवस पर गार्ड आफ ऑनर देते एमबीसी जवान।
पुलिस उप अधीक्षक संजय सिंह चम्पावत ने कहा कि हमारी ओर से देश के शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब हम उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए देश सेवा की प्रेरणा लें। उन्होंने कहा कि इन वीरों का बलिदान भारतीय पुलिस के कार्यो की उच्चतम परम्पराओं का प्रतीक है तथा कर्तव्यनिष्ठा का अनुपम आदर्श प्रस्तुत करता है। इस मौके पर सिटी थानाधिकारी प्रदीप कुमार समेत सिटी व सदर थाना पुलिस के जवान व अधिकारी मौजूद रहे।
केकड़ी: पुलिस शहीद दिवस कार्यक्रम में मौजूद पुलिस अधिकारी व जवान।
क्यों मनाते है पुलिस शहीद दिवस अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश आर्य ने बताया कि 21 अक्टूबर 1959 को सीआरपीएफ के पुलिस अधिकारी करम सिंह के नेतृत्व में 20 जवानों की पुलिस टोली हाॅट स्प्रिंग्स, लद्दाख में 16,000 फीट की ऊंचाई पर गश्त कर रही थी। इस दौरान चीन की सेना ने घात लगाकर उन पर हमला कर दिया। इस आक्रमण में 10 जवान वीरगति को प्राप्त हुए। इन वीरों के बलिदान को स्मरण करने व उनसे प्रेरणा ग्रहण करने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष 21 अक्टूबर को अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए शहीद हुए पुलिस के शूरवीरों की स्मृति में देश में पुलिस शहीद दिवस मनाया जाता है।