केकड़ी, 11 अगस्त (आदित्य न्यूज नेटवर्क): रक्षाबंधन के अवसर पर गुरुवार को पुरानी केकड़ी स्थित चारभुजा घाट पर ब्राह्मण समुदाय की ओर से हेमाद्री स्नान एवं श्रावणी उपाकर्म का आयोजन किया गया। पंडित नन्दकिशोर पाराशर ने बताया कि एक ओर जहां इस दिन रक्षाबंधन का त्योहार मनाया जाता है वहीं दूसरी ओर इस दिन श्रावणी उपाकर्म भी किया जाता है। श्रावणी उपाकर्म ब्राह्मणों को वर्ष भर में आत्मशुद्धि का अवसर प्रदान करता है। वैदिक परंपरा के अनुसार ब्राह्मणों के लिए श्रावण मास की पूर्णिमा सबसे बड़ा त्योहार है। इस दिन यजमानों के लिए कर्मकांड यज्ञ, हवन आदि करने की जगह खुद अपनी आत्मशुद्धि के लिए अभिषेक और हवन किए जाते हैं। इस दौरान पण्डित रामचरण शास्त्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना कराई। श्रावणी उपाकर्म में ब्राह्मण समाज के विभिन्न वर्गों के लोग शामिल हुए। जिन्होंने श्रद्धा व आस्था के साथ हेमाद्री स्नान कर मंत्रोच्चार के साथ ऋषि तर्पण व पितृ तर्पण की विभिन्न धार्मिक क्रियाओं को पूर्ण किया तथा पुरानी यज्ञोपवीत बदलकर नई यज्ञोपवीत धारण की। आयोजन में कैलाश चंद्र उपाध्याय, मुकेश शर्मा, महेंद्र शर्मा, पुरूषोत्तम पाराशर, दिनेश शर्मा आदि ने सहयोग किया। आरती के बाद प्रसाद वितरण किया गया।
श्रावणी उपाकर्म एवं हेमाद्री स्नान में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, यज्ञोपवीत धारण की
