Friday, March 14, 2025
Homeराजनीतिसंगठन की मजबूती जीत का आधार, एकजुटता से हासिल होगा लक्ष्य, अभी...

संगठन की मजबूती जीत का आधार, एकजुटता से हासिल होगा लक्ष्य, अभी से कसनी होगी कमर…

केकड़ी, 14 जनवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की ओर से शनिवार को नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्ष का पदभार ग्रहण समारोह यहां पटेल मैदान स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित किया गया। समारोह में पूर्व चिकित्सा मंत्री एवं केकड़ी विधायक डॉ. रघु शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य सागर शर्मा, नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्ष समरवीर सिंह शक्तावत, निवर्तमान ब्लॉक अध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह शक्तावत, पालिका अध्यक्ष कमलेश साहू, पूर्व उप प्रधान छोटूराम गुजराल, नगर अध्यक्ष निर्मल चौधरी, सरवाड़ ब्लॉक अध्यक्ष श्यामलाल बैरवा समेत अन्य अतिथि मंचासीन रहे।

पहनाई 51 किलो की माला शुरुआत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने डॉ. रघु शर्मा, सागर शर्मा, समरवीर सिंह शक्तावत, शैलेन्द्र सिंह शक्तावत, कमलेश साहू समेत अन्य अतिथियों का माल्यार्पण व साफा बंधवाकर अभिनन्दन किया तथा नवनियुक्त अध्यक्ष एवं अन्य अतिथियों का 51 किलो की माला पहनाकर स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन रतन पंवार ने किया।

कार्यकर्ताओं की मेहनत से हुई जीत समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व चिकित्सा मंत्री डॉ. रघु शर्मा ने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में संगठन एवं कार्यकर्ताओं की मेहनत से कांग्रेस की जीत का मार्ग प्रशस्त हुआ था। जनता से जुड़ाव का ही परिणाम है कि आज हम सत्ता में हैं। अब एक बार फिर से वही समय आने वाला है। संगठन को मजबूत बनाना है तथा विकास के दम पर फिर से कांग्रेस को आगे ले जाना है।

विधानसभा क्षेत्र में हुए अभूतपूर्व विकास कार्य समारोह को संबोधित करते हुए पीसीसी सदस्य सागर शर्मा ने कहा कि कांग्रेस शासन में विकास के अभूतपूर्व काम हुए है। चिकित्सा, सड़क, बिजली, पानी समेत अन्य क्षेत्रों में विकास की नई इबारत लिखी गई है। विकास की इसी गति को बरकरार रखना है। आने वाले दिनों में मण्डल अध्यक्ष एवं इकाई अध्यक्षों की नियुक्तियां होगी। सभी को मिलकर संगठन को मजबूत बनाने का कार्य करना है।

संगठन को मजबूत बनाना प्राथमिकता नवनियुक्त अध्यक्ष समरवीर सिंह शक्तावत ने कहा कि सभी को साथ लेकर एकजुटता से कार्य करना उनकी पहली प्राथमिकता है। संगठन की मजबूती के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। समारोह के बाद शर्मा ने शक्तावत को कुर्सी पर बैठाकर विधिवत रूप से कार्यभार संभलाया। इस मौके पर राजस्थान फार्मेसी काउंसिल के सदस्य राजेन्द्र भट्ट, मालपुरा पालिका अध्यक्ष आशा नामा, सरपंच संघ के पूर्व अध्यक्ष धर्मीचन्द न्याती, युवा नेता धनेश जैन, योगराज सिंह शक्तावत, सरपंच पति सांवरलाल गुर्जर, पार्षद रमाकांत दाधीच, एडवोकेट हेमंत जैन समेत केकड़ी एवं विभिन्न गांवों से आए अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES