Site icon Aditya News Network – Kekri News

सशस्त्र बल पूर्व सैनिक दिवस का आयोजन: देश की सेवा करने वाले पूर्व सैनिकों, वीरांगनाओं एवं वीरता व विशिष्ट सेवा पदक विजेताओं का किया सम्मान

केकड़ी: फील्ड मार्शल करियप्पा के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलित करते विधायक शत्रुघ्न गौतम।

केकड़ी, 14 जनवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): भारतीय सशस्त्र बलों के पहले भारतीय कमांडर-इन-चीफ फील्ड मार्शल के۔ एम۔ करियप्पा का जन्मदिन रविवार को सशस्त्र बल पूर्व सैनिक दिवस के रूप में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में विधायक शत्रुघ्न गौतम एवं जिला कलक्टर श्वेता चौहान ने जय जवान जय किसान स्मारक पर पुष्प चक्र अर्पित कर भूतपूर्व सैनिकों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद नगर परिषद सभागार में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमे अतिथियों ने फील्ड मार्शल करियप्पा के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलन किया।
केकड़ी: जय जवान जय किसान स्मारक पर पुष्प अर्पित करते विधायक शत्रुघ्न गौतम एवं जिला कलक्टर श्वेता चौहान।

सैनिकों के प्रति जताई कृतज्ञता कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक शत्रुघ्न गौतम ने कहा कि सशस्त्र बलों के जवानों की निस्वार्थ भक्ति और बलिदान के कारण, हमारे नागरिक सुरक्षित महसूस करते हैं और अपना सिर गर्व से ऊंचा करके चलते हैं। हमारे वीर सैनिकों ने विश्वभर में भारत की छवि को एक शक्तिशाली और सम्मानित राष्ट्र के रूप में रूपांतरित करने में बहुत बड़ा योगदान दिया है। उन्होंने वीरांगनाओ और वीर माताओं के साहस, संघर्ष को नमन किया और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करने की बात कही।

जीवन चरित्र पर डाला प्रकाश जिला कलक्टर श्वेता चौहान ने सैनिकों की सेवाओं को अद्वितीय बताते हुए पूर्व सैनिकों की समस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। कर्नल दुर्गालाल रेगर ने कार्यक्रम का परिचय देते हुए फील्डमार्शल के. एम. करिअप्पा के जीवन, साहस, नेतृत्व और गौरवमयी सेवाओं की विस्तार से जानकारी दी। साथ ही पूर्व सैनिकों की समस्याओं से जिला प्रशासन को अवगत कराया। आभार बलवीर सिंह राठौड़ ने जताया। इस दौरान अतिथियों ने वीरांगनाओ, वीर माताओं, वीर पिताओं, विशिष्ट सेवा पदक धारकों, वयोवृद्ध सैनिकों एवं सैनिकों के सहभागियों का शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिह्न देकर अभिनन्दन किया।
केकड़ी: विरांगनाओं का शॉल ओढ़ाकर अभिनन्दन करते विधायक शत्रुघ्न गौतम एवं जिला कलक्टर श्वेता चौहान।

राष्ट्रगान के साथ हुआ समापन कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। संचालन बिहारी दान चारण ने किया। इस मौके पर होनहार सिंह राठौड़, अनिल राठी, सुरेश चौधरी, महेश बोयत, रामबाबू सागरिया, भैरूलाल साहू, सूबेदार चैनसिंह राठौड़, गणेशाराम माली, शराफत अली, कैप्टन दशरथ सिंह, चन्द्रप्रकाश आचार्य, विजेन्द्र सिंह राठौड़ सहित कई पूर्व सैनिक एवं जिला शिक्षा अधिकारी गोविंद नारायण शर्मा, सीबीईओ विष्णु शर्मा, अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Exit mobile version