केकड़ी, 14 सितम्बर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी में गुरुवार को विभिन्न शिक्षण संस्थानों में हिन्दी दिवस कार्यकम का आयोजन किया गया। श्री दिगंबर जैन माध्यमिक विद्यालय, केकड़ी में गुरुवार को हिंदी दिवस पर विविध आयोजन हुए। सर्वप्रथम मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित किया गया। इस मौके पर प्रबंधक टीकमचंद आगीवाल एवं प्रधानाध्यापक रघुनाथ कुमावत आदि उपस्थित रहे। इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता प्रभारी निरंजन सिंह ने बताया कि “हिंदी भाषा की दशा और दिशा” विषय पर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें कक्षा 6 से 10 तक के विद्यार्थियों ने उत्साह पूर्वक भाग लिया। इसी तरह कक्षा 1 व 2 में श्रुत लेखन प्रतियोगिता एवं कक्षा 3 से 5 में पोस्टर बनाओ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
भारत मां की शान है हिंदी कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने कविता पाठ का वाचन किया तथा हिंदी शायरी व हिंदी भाषा पर अपने विचार व्यक्त किए। जिसमें कृष्णा साहू ने “सबसे न्यारी सबसे प्यारी हिंदी भाषा हमारी, नीलम नायक ने “भारत मां की शान है हिंदी” सिद्धि सोनी ने “सब की सखी हमारी सहेली यह है हिंदी भाषा हमारी” कविता सुनाई। वहीं ऋषभ जैन व प्रियांश शर्मा ने हिंदी भाषा पर अपने विचार व्यक्त किए। हिंदी दिवस को संबोधित करते हुए प्रबंधक आगीवाल ने कहा कि हिंदी ही देश को जोड़ने वाली भाषा है। यह देश की एकता अखंडता की पहचान है। यह किसी संप्रदाय की भाषा नहीं है। यह तो जन जन की भाषा है। प्रधानाध्यापक रघुनाथ कुमावत ने कहा कि हिंदी एक भाषा नहीं बल्कि भावनाओं का उमड़ता सैलाब है, हमारा दायित्व बनता है कि हम दैनिक कार्यों व कार्यालय कार्यों में हिंदी भाषा का प्रयोग करें। कार्यक्रम के दौरान अनेक विद्यार्थी व कार्मिक मौजूद रहे।
केकड़ी: लॉर्ड तिरुपति महाविद्यालय में हिन्दी दिवस समारोह में मुख्य अतिथि का अभिनन्दन करते स्टॉफ सदस्य।
लॉर्ड तिरुपति कॉलेज, केकड़ी में हिन्दी दिवस कार्यक्रम का आयोजन डॉ. अनिल कुमार गुप्ता (राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय) के आतिथ्य में आयोजित किया गया। सुमन चौधरी, अंजलि माली, निर्माण कुमावत व जयश्री ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। प्राचार्य डॉ ज्ञानचंद जांगिड़ ने बताया कि इस अवसर पर कविता पाठ, भाषण, गायन, देश भक्ति गीत आदि की प्रस्तुतियां दी गई। इसी के साथ निबंध लेखन प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता व वाद विवाद प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। महाविद्यालय के बच्चों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। वक्ताओं ने हिंदी को राष्ट्रभाषा बनाने के साथ ही दैनिक जीवन में अधिकाधिक प्रयोग के लिए प्रेरित किया।
केकड़ी: श्री मिश्रीलाल दुबे महिला शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय में आयोजित हिन्दी दिवस समारोह में मंचासीन अतिथि।
श्री मिश्रीलाल दुबे महिला शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय केकड़ी में गुरुवार हिन्दी दिवस का आयोजन संस्थान सचिव चंद्रप्रकाश दुबे के आतिथ्य में किया गया। इस दौरान टीना धाकड़, सरोज खारोल, किरण मेघवंशी, टोनू साहू, रिंकू, संगीता धाकड़, कशिश मेघवंशी, गुलनाज बानो, मुस्कान बैरवा, इशिका जैन, प्रतिभा व्यास, रंजना रावत, किरण शर्मा, ज्योति सैन, आकांक्षा गौड़, गुनगुन सोनी, रईसा बानो समेत अन्य छात्राध्यापिकाओं ने कविता, भाषण व हिन्दी प्रेरक गीत प्रस्तुत किए। वक्ताओं ने हिन्दी को अपनाने की बात कही। कार्यक्रम में महाविद्यालय स्टॉफ ने विशेष सहयोग किया।
केकड़ी: एम.एल.डी. इन्टरनेशनल एकेडमी में हिन्दी दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में बालिका को पुरस्कृत करते अतिथि।
एम.एल.डी. इन्टरनेशनल एकेडमी, केकड़ी (इंग्लिश मिडियम) में गुरुवार को हिन्दी पखवाडा समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह मे अलग-अलग दिन हिन्दी भाषा से सम्बन्धित विभिन्न प्रतियोगिताएं कराई गई। ताकि इंग्लिश मिडियम विद्यालय के बच्चे भी अपनी संस्कृति व मातृभाषा से जुड़े रह सके। इस दौरान निबन्ध प्रतियोगिता, कविता लेखन, श्रवण प्रतियोगिता, श्रुतिलेख व सुलेख प्रतियोगिता, नारा लेखन प्रतियोगिता व हिन्दी भाषा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में कक्षा 1 से 12 तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया। समारोह के अन्तिम दिन 14 सितम्बर को हिन्दी दिवस नृत्य व नाटक प्रतियोगिता व भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्रजराज शर्मा व प्रधानाचार्या प्रतिभा दुबे ने दीप प्रज्वलित कर किया। विद्यालय के बच्चों ने विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। संचालन महावीर कुमावत ने किया।