केकड़ी, 19 मार्च (आदित्य न्यूज नेटवर्क): राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में गुरुवार को नि:शुल्क साइकिल वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान कक्षा 9वीं में अध्ययनरत 178 छात्राओं को राज्य सरकार की योजना के अंतर्गत साइकिलें वितरित की गईं, जिन्हें पाकर छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। समारोह के मुख्य अतिथि भाजपा मंडल अध्यक्ष रितेश जैन ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार की इस योजना से छात्राओं को घर से विद्यालय पहुंचने में सुगमता होगी। उन्होंने जोर दिया कि सरकार द्वारा बालिका प्रोत्साहन हेतु चलाई जा रही सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र बालिका तक पहुंचना चाहिए ताकि शिक्षा के क्षेत्र में वे आगे बढ़ सकें।
अतिथियों का हुआ स्वागत: प्रधानाचार्य हेमंत पाठक ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए सभी आगंतुक अतिथियों का स्वागत किया। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में गीता शर्मा, उषा जैन, मंजू गर्ग, चंद्रकला जैन, सुनयना शर्मा, राजेंद्र शर्मा व सीमा शर्मा सहित एसडीएमसी सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन उप प्राचार्य हरिनारायण बिदा ने किया। इस अवसर पर उप प्राचार्य शिव शंकर राठौड़, प्रभारी मीना चौहान, रानी आर्य, ओमवती, सरोज व समस्त विद्यालय परिवार उपस्थित रहा। साइकिल पाकर छात्राओं में भारी उत्साह देखा गया।

