Saturday, March 21, 2026
Homeशासन प्रशासनपशुपालकों पर टूटा दुखों का पहाड़: अज्ञात जानवर के हमले में भेड़ों...

पशुपालकों पर टूटा दुखों का पहाड़: अज्ञात जानवर के हमले में भेड़ों के 26 बच्चों की मौत, आधा दर्जन घायल, वन विभाग ने शुरू की जांच

केकड़ी, 20 मार्च (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी शहर थाना क्षेत्र के सलारी गांव में शुक्रवार को अज्ञात जंगली जानवरों के हमले से पशुपालकों को भारी जान-माल का नुकसान हुआ है। खेत पर बने बाड़े में घुसकर जंगली जानवरों ने भेड़ों के बच्चों पर हमला कर दिया, जिससे 26 बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब आधा दर्जन गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के बाद से ही ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

खेत पर बने बाड़े में मची तबाही: प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना रोडूलाल गुर्जर व सोजी गुर्जर के खेत पर बने बाड़े में हुई। दोपहर बाद जब परिवार के सदस्य खेत पर पहुंचे, तो वहां का दृश्य देखकर सन्न रह गए। बड़ी संख्या में भेड़ों के बच्चे मृत अवस्था में पड़े थे, जबकि कुछ घायल अवस्था में तड़प रहे थे। इस हमले से दोनों पशुपालकों को लाखों रुपए का आर्थिक नुकसान हुआ है।

वन विभाग ने शुरू की पगमार्क की जांच: घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। फोरमेन पूनम चौधरी ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया व आसपास के क्षेत्र से जंगली जानवरों के पगमार्क (पदचिह्न) लिए हैं। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हमला किस हिंसक जानवर ने किया है। विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने व अकेले सुनसान इलाकों में न जाने की सलाह दी है।

RELATED ARTICLES