केकड़ी, 08 फरवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): वाइब्रेंट एकेडमी के तत्वावधान में अंग्रेजी माध्यम के विद्यालयों के लिए पहली बार आयोजित “वाइब्रेंट ओलंपियाड” में कक्षा 1 से 11वीं तक के 400 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान परीक्षा केंद्र पर विद्यार्थियों के साथ-साथ उनके अभिभावकों की भी भारी उपस्थिति रही। यह ओलंपियाड विद्यार्थियों की शैक्षणिक क्षमता को परखने व उन्हें भविष्य की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। परीक्षा के साथ ही अभिभावकों के लिए एक विशेष सेमिनार का भी आयोजन हुआ, जिसमें संस्था द्वारा सत्र 2026-27 के विजन को साझा किया गया।

पुरस्कारों व छात्रवृत्ति की घोषणा: संस्था द्वारा इस ओलंपियाड को “सबसे बड़ी टैलेंट हंट परीक्षा” के रूप में प्रस्तुत किया गया है, जिसके तहत कुल 21 लाख रुपए की छात्रवृत्ति व नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर 2100 रुपए नकद व 100% छात्रवृत्ति, द्वितीय स्थान प्राप्त करने पर 1100 रुपए नकद व 90% छात्रवृत्ति एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने पर 500 रुपए नकद व 80% छात्रवृत्ति तथा 4 से 200वें स्थान तक के सभी विद्यार्थियों को 10% छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।

सर्वांगीण विकास पर जोर: विद्यालय के मुख्य प्रबंधक डॉ. महेन्द्र सिंह डूडी ने बताया कि केकड़ी क्षेत्र में इस स्तर का यह पहला आयोजन है। उन्होंने बताया कि विद्यालय विद्यार्थियों के होलिस्टिक डेवलपमेंट (सर्वांगीण विकास) पर विशेष बल देता है ताकि वे नियमित पढ़ाई के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं में भी अव्वल आ सकें। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दी। इस आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त अध्यापकों व सहकर्मियों का सराहनीय सहयोग रहा।

