Monday, March 9, 2026
Homeसामाजिकनारी शक्ति का वंदन: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट...

नारी शक्ति का वंदन: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 51 महिलाएं सम्मानित

केकड़ी, 09 मार्च (आदित्य न्यूज नेटवर्क): अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रामकन्या समूह द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 51 महिलाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में चिकित्सा, शिक्षा, प्रशासन, पुलिस, कृषि, समाजसेवा, साहित्य, आंगनवाड़ी व स्वच्छता जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को स्मृति चिन्ह, नववर्ष कैलेंडर, आरती पुस्तक व सम्मान सामग्री प्रदान कर उनका अभिनंदन किया गया। समूह के चेयरमैन बालमुकुंद वैष्णव ने बताया कि उनकी पूज्य माताश्री स्वर्गीय रामकन्या देवी की स्मृति में प्रतिवर्ष ऐसे सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिनका उद्देश्य समाज की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि विकास अधिकारी दिशी शर्मा ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से महिलाओं को आगे बढ़ने व बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वे अपनी प्रतिभा को पहचानें व शिक्षा तथा संस्कारों के माध्यम से परिवार को प्रगति के मार्ग पर ले जाएं।

दीप प्रज्वलन से हुआ शुभारंभ: कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन व अतिथियों के स्वागत-सत्कार से हुई। समारोह में समाज सेवा के लिए सीमा चौधरी व संस्कार संवर्धन के लिए राधा माहेश्वरी को सम्मानित किया गया। चिकित्सा व स्वास्थ्य क्षेत्र में डॉ. आशिका जैन (चिकित्सा अधिकारी, प्रान्हेड़ा), डॉ. मानसी मालावत जूनिया, आशा सेन, पूजा झारोटिया, अंजूबा बानो, सुशीला चौहान व सीएचओ सुनीता रेगर को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। कृषि क्षेत्र में कृषि पर्यवेक्षक मीनू जीनगर, अनीता चौधरी व ममता खानपुरिया, प्रशासनिक सेवाओं से प्रियंका शर्मा, सहाना परवीन, नीरू जांगिड़ व कौशल्या वैष्णव को सम्मानित किया गया।

ये भी हुए सम्मानित: इसी प्रकार सफाई कर्मचारी रश्मि हरिजन, पशुधन सहायक रमा वैष्णव, कुक गजरा देवी व मेहंदी कला के लिए तमन्ना को सुहाग सामग्री व स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। पुरातात्विक एवं ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण व संवर्धन में योगदान देने पर पुष्पा शर्मा को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। साहित्य के क्षेत्र में कविता विधा के लिए अर्चना लाखोटिया, अंग्रेजी साहित्य के लिए संस्कृति सिंहल तथा हिंदी उपन्यास के लिए वेदिका बाकलीवाल को भी सम्मानित किया गया। इसी प्रकार आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सोना वैष्णव, चांद कंवर, डिंपल व्यास, शिमला देवी, कविता धाकड़ एवं पुलिस विभाग से कांस्टेबल पिंकी वैष्णव व संतोष गुर्जर को भी उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन राजस्थानी साहित्यकार विमला नागला ने किया।

RELATED ARTICLES