केकड़ी, 12 अक्टूबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): राजकीय महाविद्यालय में बुधवार को पूर्व विद्यार्थी परिषद की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में पूर्व विद्यार्थी बृजेश पारीक, राजेंद्र विनायका, मुरारी गर्ग, अनिल राठी आदि ने विद्यार्थी काल के संस्मरण साझा किए। डॉ. अनिल गुप्ता ने पूर्व विद्यार्थी परिषद की कार्य विधि एवं पूर्व विद्यार्थियों को उनके कॉलेज से संबंधित समस्या और समाधान पर चर्चा की। डॉ. नीता चौहान ने पूर्व विद्यार्थी परिषद के उद्देश्य बताते हुए कहा कि वर्तमान एवं पूर्व विद्यार्थियों को जोड़ने के लिए यह एक मंच है। जो सम्मान की भावना रखते हुए एक सेतु का कार्य करेगा और वर्तमान विद्यार्थियों की समस्याओं का समाधान भी करेगा। प्राचार्य पीयूष कुमार गुप्ता ने कहा कि पूर्व विद्यार्थियों के सहयोग से ही कॉलेज का सर्वांगीण विकास हो सकेगा। महाविद्यालय पूर्व विद्यार्थियों को जोड़ने के लिए एक मंच बना रहा है ताकि आपसी समन्वय के साथ महाविद्यालय के विकास को गति प्रदान की जा सके।
कार्यकारिणी का किया गठन महाविद्यालय स्टॉफ ने बैठक में मौजूद पूर्व विद्यार्थियों का माल्यार्पण एवं साफा बंधवाकर अभिनन्दन किया। कार्यक्रम के दौरान पूर्व विद्यार्थी परिषद की कार्यकारिणी का गठन किया गया। जिसमें प्राचार्य पीयूष कुमार गुप्ता को अध्यक्ष, बृजेश पारीक को उपाध्यक्ष, अनिल राठी को सचिव, रोहित जांगिड़ को संयुक्त सचिव एवं के सी रांटा को सर्वसम्मति से कोषाध्यक्ष बनाया गया। इसी तरह अन्य कार्यकारिणी के सदस्यों का चुनाव भी किया गया। संचालन डॉ. अनीता रायसिंघानी ने किया। आभार छात्रसंघ अध्यक्ष ओमप्रकाश यादव ने जताया। कार्यक्रम में चेतन लाल रेगर, डॉ शिखा माथुर, डॉ देवेंद्र सोलंकी, डॉ कीर्ति, रजनी, कोमल सोनी, एल आर लोधा, ब्रजेश शर्मा, गणपत जाट, अमित, विनोद, रेखा आदि उपस्थित रहे।
पूर्व विद्यार्थियों ने साझा किए विद्यार्थी काल के संस्मरण, कॉलेज के सर्वांगीण विकास का जताया संकल्प
