Saturday, March 15, 2025
Homeसामाजिकजन्म जयंती पर चहुंओर गूंजे बाबा भीमराव के जयकारे, केकड़ी में हुए...

जन्म जयंती पर चहुंओर गूंजे बाबा भीमराव के जयकारे, केकड़ी में हुए अनेक आयोजन

केकड़ी, 14 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी में शुक्रवार को संविधान निर्माता डॉ.भीमराव अम्बेडकर की जयंती विविध आयोजनों के साथ मनाई गई। सुबह ब्लॉक एवं नगर कांग्रेस कमेटी की ओर से नगर पालिका में बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर की जयंती का आयोजन हुआ। नगर कांग्रेस अध्यक्ष हेमंत जैन ने बताया कि पूर्व मंत्री एवं केकड़ी विधायक डॉ. रघु शर्मा के मुख्य आतिथ्य में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत पुष्पांजलि से हुई। डॉ. शर्मा ने बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया एवं श्रद्धासुमन अर्पित किए।
केकड़ी: नगर पालिका परिसर में बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते पूर्व चिकित्सा मंत्री एवं विधायक डॉ. रघु शर्मा।
देश को मिला बेहतरीन संविधान का प्रारूप कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शर्मा ने कहा कि भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर ने संविधान निर्माता के रूप में देश को बेहतरीन संविधान का प्रारूप प्रदान किया। देश का प्रत्येक नागरिक प्रगति के पथ पर आगे बढ़े इसके लिए बाबा साहब ने हमेशा संघर्ष किया। उसी का परिणाम है कि आज देश के निवासियों में खुशहाली का वातावरण है। इस मौके पर पीसीसी सदस्य सागर शर्मा, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष शैलेन्द्रसिंह शक्तावत, राजस्थान फार्मेसी काउंसिल के सदस्य राजेन्द्र भट्ट, पालिका अध्यक्ष कमलेश साहू समेत अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहेे।
केकड़ी: अम्बेडकर वेलफेयर सोसायटी की ओर से आयोजित रैली को रवाना करते पूर्व चिकित्सा मंत्री एवं विधायक डॉ. रघु शर्मा।
अम्बेडकर वेलफेयर सोसायटी नगर पालिका में आयोजित पुष्पांजलि कार्यक्रम के बाद पूर्व मंत्री एवं केकड़ी विधायक डॉ. रघु शर्मा ने अम्बेडकर वेलफेयर सोसायटी की ओर से आयोजित विशाल रैली को हरी झण्ड़ी दिखाकर रवाना किया। रैली नगर पालिका से रवाना हुई। जो तीनबत्ती चौराहा, अजमेरी गेट, घण्टाघर, सदर बाजार, खिड़की गेट, सूरजपोल गेट, भैरू गेट, बस स्टैण्ड होते हुए वापस नगर पालिका पहुंच कर सम्पन्न हुई। रैली का कस्बेवासियों ने पुष्पवर्षा से स्वागत किया।
केकड़ी: राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय की ओर से आयोजित समारोह में सेवानिवृत्त शिक्षकों का अभिनन्दन करते अतिथि।
राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय इसी प्रकार राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय की ओर से राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में अम्बेडकर जयंती पर सेवानिवृत्त शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह की अध्यक्षता राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य बजरंग प्रसाद मजेजी ने की। चित्तौड़ प्रान्त के गोकथा आयाम प्रमुख देवाराम मुख्य वक्ता, संगठन के प्रदेश महामंत्री महेन्द्र लखारा मुख्य अतिथि एवं प्रदेश उपाध्यक्ष भंवर सिंह राठौड़ विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह के दौरान 100 सेवानिवृत्त शिक्षकों का शाल, माल्यार्पण एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनन्दन किया गया।
केकड़ी: अम्बेडकर जयंती मनाते भाजपा कार्यकर्ता।
भारतीय जनता पार्टी इसी प्रकार भाजपा शहर मण्डल अनुसूचित जाति मोर्चा की ओर से संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर नगरपालिका स्थित अंबेडकर की प्रतिमा पर दुग्धाभिषेक किया गया। इस दौरान भाजपा नेताओं ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की तथा देशवासियों के लिए उनके द्वारा किए गए कार्यों को याद किया। इस मौके पर अनेक भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES