सरवाड़, 18 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सरवाड़ में नगर पालिका प्रशासन पर भ्रष्टाचार व विकास कार्यों में राजनीतिक भेदभाव बरतने का आरोप लगाते हुए गुरुवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने पालिका कार्यालय में नारेबाजी की व धरना दिया। पूर्व संसदीय सचिव शत्रुघ्न गौतम की अगुवाई में भाजपा कार्यकर्ता गुरुवार दोपहर में नारेबाजी करते हुए पालिका कार्यालय पहुंचे और धरने पर बैठ गए। इस दौरान गौतम ने नगर पालिका प्रशासन पर भ्रष्टाचार में आकंठ डूबे रहने का आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले दिनों कस्बे में विभिन्न स्थानों पर सड़क व नाली निर्माण कार्यों के 8 करोड़ की टेंडर जारी किए गए जो नियमों के विपरीत है एवं टेंडर प्रक्रिया में भी भारी अनियमितता बरती गई है। आठ माह तक टेंडर नहीं खोले गए और बाद में भाजपा पार्षदों के विरोध के बावजूद टेंडर खोलकर चहेते ठेकेदारों के नाम वर्क ऑर्डर जारी कर दिए गए।
तीखी नोकझोंक से माहौल गरमाया भाजपा नेताओं ने कस्बे में लगाए गए तिरंगे झंडे की टेंडर प्रक्रिया एवं लागत पर भी सवाल उठाए। भाजपा नेताओं ने पालिका प्रशासन पर विकास कार्य में भाजपा पार्षदों के वार्डों के साथ राजनीतिक भेदभाव बरतने का भी आरोप लगाया। इस दौरान भाजपा नेताओं की पालिका अध्यक्ष पति शंकर सिंह राठौड़ एवं कार्यवाहक अधिशासी अधिकारी व तहसीलदार राहुल पारीक से भी नोकझोंक हो गई। गौतम ने कहा कि 10 दिन के भीतर मांगी गई सभी जानकारी उपलब्ध नहीं कराने पर पालिका परिसर के बाहर विशाल प्रदर्शन किया जाएगा। इस मौके पर नेता प्रतिपक्ष प्यारे लाल खटीक, पूर्व प्रधान रिंकू कंवर राठौड़, पूर्व पालिका अध्यक्ष दुर्गालाल माली, पूर्व मंडल अध्यक्ष चैनसिंह पगारिया सहित कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पूर्व संसदीय सचिव गौतम ने सरवाड़ पालिका प्रशासन पर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप, कहा— टेंडर प्रक्रिया में भारी अनियमितता
