केकड़ी, 20 नवम्बर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि भाजपा की नीतियां जनता की कमर तोड़ रही है। राजस्थान सरकार ने भाजपा की नीतियों से आपको बचाकर रखा है। केकड़ी में विकास के अभूतपूर्व काम हुए है। केकड़ी जिला बना, यहां 400 बैड का अस्पताल बना। इसी आधार पर कांग्रेस पार्टी आपसे वोट मांग रही है। वे सोमवार को केकड़ी के पटेल मैदान में कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. रघु शर्मा के समर्थन में आयोजित आमसभा में बोल रही थी।
केकड़ी: प्रियंका गांधी का बड़ी माला पहना कर स्वागत करते कांग्रेसजन।
देवी देवताओं को किया नमन शुरुआत में प्रियंका गांधी ने स्थानीय देवी-देवताओं को नमन किया। उन्होंने कहा कि त्योहार में जैसे हम पूजा करते हुए घर की सफाई करते हैं। वैसे ही जब चुनाव का समय आता है तो यहां भी सफाई जरूरी है। मोदी जी कहते है कांग्रेस के नेता एक दूसरे को रन आउट करने में लगे हुए है। जबकि सच्चाई यह है कि राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी खुद ही हिट विकेट है। इनकी पार्टी पूरी तरह से बिखरी हुई है। ये दूरबीन से पूरे राजस्थान में ढूंढ रहे हैं कि हमारा नेता कौन बन सकता है। लेकिन इन्हें कुछ भी नहीं सूझ रहा। कांग्रेस विकास की बात करती है। जबकि भाजपा जाति व धर्म के नाम पर वोट मांगती है।
केकड़ी: आमजन का अभिवादन करती प्रियंका गांधी।
करना होगा काम का आकलन चुनाव में बड़े-बड़े नेता आते हैं तो हम अनुमान लगाते हैं कि हमारा अनुभव क्या है। प्रियंका गांधी ने कहा कि जो सरकार चल रही है उसने अच्छे काम किए हैं या नहीं। इन सब बातों का हमें आकलन करना है। आप सभी हमारी और भाजपा के नेताओं की बात सुनें और देखें किसमें कितना वजन है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस सरकार ने किसानों का 15 हजार करोड़ रुपए का कर्जा माफ किया। भाजपा ने देश की संपत्ति बड़े बड़े उद्योगपतियों को दे दी। प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी तो कांग्रेस सरकार द्वारा शुरु की गई सभी कल्याणकारी योजनाएं बंद हो जाएगी।
केकड़ी: प्रियंका गांधी को चुनरी ओढ़ाती वीरा शर्मा।
महंगाई के कारण आमजन दुखी सभा को संबोधित करते हुए पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने कहा कि केन्द्र सरकार की नीतियों के कारण किसान, नौजवान, महिला, मध्यम वर्ग सभी परेशान है। महंगाई के कारण आमजन दुखी है। जब हम महंगाई की बात करते है तो भाजपा भारत पाकिस्तान करती है। जब हम नौजवान व किसान की बात करते है तो भाजपा को मंदिर और मस्जिद याद आता है। आने वाली 25 नवम्बर को प्रदेश का भविष्य तय होगा। हम सब को मिलकर निर्णय करना है कि नौजवान व किसान का भविष्य क्या हो।
केकड़ी: सभा को संबोधित करती प्रियंका गांधी व सचिन पायलट।
केकड़ी में हुआ अभूतपूर्व विकास सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. रघु शर्मा ने कहा कि पिछले पांच साल में केकड़ी में विकास की गंगा बही है। हर क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए है। विकास की इसी गति को बरकरार रखने के लिए प्रदेश में एक बार फिर से कांग्रेस की सरकार बनानी होगी। शुरुआत में कार्यकर्ताओं ने बड़ी माला से प्रियंका गांधी व सचिन पायलट का स्वागत किया। रघु शर्मा ने प्रियंका गांधी को स्मृति चिन्ह भेंट किया। रघु शर्मा की पत्नी वीरा शर्मा ने प्रियंका गांधी को चुनरी ओढ़ाई।
केकड़ी: सभा में कांग्रेस नेताओं के कट आउट लेकर पहुंची महिलाएं।
ये रहे मौजूद इस मौके पर युवा नेता व पीसीसी सदस्य सागर शर्मा, राजस्थान फार्मेसी काउंसिल के सदस्य राजेन्द्र भट्ट, नगर परिषद सभापति कमलेश साहू, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह शक्तावत, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष समरवीर सिंह शक्तावत, नगर अध्यक्ष हेमन्त जैन, महिला कांग्रेस अध्यक्ष मंजू बज, युवा नेता धनेश जैन, सरपंच संघ के पूर्व अध्यक्ष धर्मीचन्द न्याती, पार्षद रमाकांत दाधीच समेत अनेक जने मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन रतन पंवार ने किया।
केकड़ी: पटेल मैदान में आयोजित सभा में मौजूद आमजन।
किया जोरदार स्वागत प्रियंका गांधी व सचिन पायलट अलग अलग हैलीकॉप्टर में केकड़ी पहुंचे। वे यहां अजमेर रोड स्थित राजकीय महाविद्यालय में बनाए गए अस्थाई हैलीपेड पर उतरे। यहां से उन्हें सड़क मार्ग से सभा स्थल तक लाया गया। इस दौरान रास्ते में जगह-जगह लोगों ने स्वागत किया और 51 बुलडोजर से पुष्प वर्षा की गई। रास्ते में प्रियंका गांधी व सचिन पायलट को देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ मौजूद रही। केकड़ी में जनसभा के बाद प्रियंका गांधी व सचिन पायलट जहाजपुर के लिए रवाना हो गए।