Wednesday, October 15, 2025
Homeराजनीतिसीएम भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस पर साधा निशाना, बोले— युवाओं की आंख...

सीएम भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस पर साधा निशाना, बोले— युवाओं की आंख में आंसू लाने वालों को नहीं मिलेगी माफी, एक—एक का होगा हिसाब

केकड़ी, 24 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि देश में पेट्रोल डीजल में सबसे ज्यादा वेट राजस्थान सरकार ने कम किया है। पहले देश के अंदर आतंकवादी बम फोड़ते थे, सीमा पार से आकर सैनिकों के सिर काट लिए जाते थे। वर्ष 2014 में सरकार बनने के बाद पीएम मोदी ने देश की सीमाओं को मजबूत किया है। पहले सेना कहती थी, हमारे हाथ बंधे हुए है। लेकिन नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद किसी की सीमा क्रॉस करने की हिम्मत नहीं हुई। वे बुधवार को केकड़ी विधानसभा क्षेत्र के सरवाड़ में अजमेर संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी भागीरथ चौधरी के समर्थन में आयोजित आमसभा को संबोधित कर रहे थे।

केकड़ी: सीएम भजनलाल शर्मा का माला पहनाकर स्वागत करते विधायक शत्रुघ्न गौतम एवं अन्य।

कांग्रेस नेताओं ने हर क्षेत्र में किया घोटाला सीएम शर्मा ने कहा कि अब आंख दिखाने वाले को सीमा में घुसकर मारा जा रहा है। सीएम ने कहा कि कांग्रेस ने जल जीवन मिशन में घोटाला किया है। जिसकी जांच करवाई जा रही है। कांग्रेस के नेता गप-गप माल खा गए। प्रदेश में जो घोटाले किए हैं, उनकी जांच करवा रहे हैं, तो कांग्रेस के लोगों को तकलीफ हो रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने युवाओं के साथ छल किया है। पेपर लीक मामले में जिन्होंने युवाओं की आंख में आंसू लाने का काम किया। उन्होंने कहा कि जिन्होंने पेपर लीक का शोरूम खोल रखा था, उन्हें हम छोड़ेंगे नहीं।

गिरफ्तारी का आंकड़ा जल्दी बढ़ेगा उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनते ही पेपर लीक मामले में एसआईटी का गठन किया गया है। पेपर लीक मामले में 70 की गिरफ्तारी हो चुकी है। जल्दी ही गिरफ्तारी का आंकड़ा 100 को पार करने वाला है। अभी तक सिर्फ पेपर खरीदने वाले पकड़े गए है। आने वाले दिनों में पेपर लीक करने वाले शोरूम मालिकों की धरपकड़ शुरू होने वाली है। सीएम ने कहा कि कोविड काल में प्रधानमंत्री के मैनेजमेंट ने देश को बचाया है। भारत एक दिन महाशक्ति बनेगा, देश के दूसरे देश आज भारत के पीछे खड़े हैं। टक्कर लेने की ताकत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी में है।

केकड़ी: मंच पर मौजूद सीएम भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रत्याशी भागीरथ चौधरी, विधायक शत्रुघ्न गौतम एवं अन्य भाजपा नेता।

कांग्रेस झूठ और लूट की दुकान पूर्व कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए शर्मा ने कहा कि कांग्रेस झूठ और लूट की दुकान है। आज लोकेश शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूर्ववर्ती सरकार के कारनामे उजागर किए है। शर्मा ने कहा कि बुजुर्ग माताओं को सामाजिक सुरक्षा पेंशन बढ़ाने का काम भाजपा सरकार ने किया है। जब बहन-बेटियां घर आती हैं तो बुजुर्ग महिलाएं जेब से निकालकर पैसे दे सकती है। आंगनबाड़ी और आशा सहयोगिनी बहनों का वेतन बढ़ाने का काम किया है।

केकड़ी: चुनावी चर्चा करते सीएम भजनलाल शर्मा व विधायक शत्रुघ्न गौतम।

कांग्रेस ने विकास में किया भ्रष्टाचार सभा को संबोधित करते हुए विधायक शत्रुघ्न गौतम ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद भ्रष्टाचारियों पर कार्रवाई की जा रही है। कांग्रेस सरकार ने विकास के नाम पर जमकर भ्रष्टाचार किया है। उन्होनें कहा कि भाजपा सरकार के आते ही विकास के साथ सुशासन जनता को मिला है। गौतम ने कहा कि हर व्यक्ति को यह ध्यान रखना है कि आने वाली 26 अप्रैल को केन्द्र में तीसरी बार मोदी सरकार बनाने के लिए मतदान करना है।

हैलीपेड पर किया स्वागत मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा हैलीकॉप्टर से भाटोलाव रोड़ स्थित हैलीपेड़ पर पहुंचे। जहां पर जल संसाधन मंत्री सुरेश रावत व विधायक शत्रुघ्न गौतम ने अगवानी की। हैलीपेड से सीएम सभा स्थल पर पहुंचे। जहां पर विधायक शत्रुघ्न गौतम के नेतृत्व में 51 किलो की माला पहनाकर व स्मृति चिन्ह भेंटकर स्वागत किया गया। आमसभा को जयपुर सांसद रामचरण बोहरा एवं भाजपा प्रत्याशी भागीरथ चौधरी ने भी संबोधित किया।

केकड़ी: आमसभा में मौजूद महिलाएं।

ये रहे मौजूद सभा के दौरान मंच पर पूर्व राज्यसभा सदस्य रामकुंवार वर्मा, देहात जिलाध्यक्ष देवीशंकर भूतड़ा, पूर्व प्रत्याशी राजेन्द्र विनायका व रिंकू कंवर राठौड़, केकड़ी प्रधान होनहार सिंह राठौड़, सावर प्रधान आशा बागड़ी, देहात जिला उपाध्यक्ष सत्यनारायण चौधरी, महामंत्री रायचन्द बागड़ी, मंत्री रामकिशन गुर्जर, ​उप जिला प्रमुख हगामीलाल चौधरी सहित कई भाजपा नेता मौजूद थे।

केकड़ी: दिगम्बर जैन आचार्य सुनील सागर महाराज से आशीर्वाद प्राप्त करते सीएम भजनलाल शर्मा व विधायक शत्रुघ्न गौतम।

बार-बार घड़ी देखते रहे सीएम बुधवार को चुनाव प्रचार का अंतिम दिन था प्रचार थमने का समय सायं 6 बजे तक का था। ऐसे में सीएम बार-बार घड़ी देखते रहे। सीएम सभास्थल पर 5 बजे के लगभग पहुंचे। सीएम भजनलाल 6 बजने से 5 मिनट पहले मंच से हैलीपेड़ के लिए रवाना हो गए। सभास्थल पर आने से पहले सीएम भजनलाल शर्मा ने विधायक शत्रुघ्न गौतम के साथ दिगम्बर जैन आचार्य सुनील सागर महाराज से आशीर्वाद लिया। आचार्यश्री ने सीएम को पुस्तके भेंट की।

RELATED ARTICLES