Thursday, June 19, 2025
Homeराजनीतिभाजपा ने कहा मिडिल क्लास को नई ताकत देने वाला है बजट,...

भाजपा ने कहा मिडिल क्लास को नई ताकत देने वाला है बजट, कांग्रेस ने बताया नारों और जुमलों का पिटारा

केकड़ी, 23 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केन्द्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने बुधवार को वर्ष 2024—25 के लिए बजट पेश किया। बजट पर भाजपा व कांग्रेस नेताओं ने मिली-जुली प्रतिक्रिया व्यक्त की है। भाजपा के नेताओं ने जहां बजट को विकास करने वाला बताते हुए सराहना की है, वहीं कांग्रेस नेताओं ने इसे निराशाजनक बताया है। केकड़ी के प्रमुख नेताओं ने कुछ यों दी अपनी प्रतिक्रिया…

शत्रुघ्न गौत्तम, विधायक केकड़ी

यह बजट समृद्धि की राह पर ले जाने वाला बजट है। पिछले 10 साल में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं। यह नौजवानों को अनगिनत नए मौके देने वाला बजट है। कृषि क्षेत्र में भारत का आत्म निर्भर बनाना समय की मांग है। दलहन-तिलहन की मांग बढ़ाने के लिए किसानों को इन्सेंटिव देने की घोषणा की गई है। ये मिडिल क्लास को नई ताकत देने वाला बजट है। यह जनजातीय लोगों और दलितों को मजबूत करने की योजना से आया है। इस बजट से महिलाओं की वर्क फोर्स बढ़ेगी। बजट में मैन्युफैक्चरिंग और इन्फ्रास्ट्रक्चर पर भी जोर दिया गया है। कुल मिलाकर बजट कल्याणकारी है। इस बजट से आमजन को काफी राहत मिलेगी। बजट आगामी 25 वर्ष के विजन के साथ तैयार होने के कारण बेहद संतुलित है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सता में आने के बाद देश में कई परिवर्तन हुए है। इस बजट से विकास में और अधिक तेजी आएगी। शत्रुघ्न गौत्तम, विधायक केकड़ी

डॉ. रघु शर्मा, पूर्व केबिनेट मंत्री, राजस्थान

बजट निराशाजनक है। यह बजट नारों और जुमलों का पिटारा है। इस बजट ने सभी तबकों को निराश किया है। ये दिशाहीन सरकार का दृष्टिहीन बजट है। लोगों को बुनियादी राहत देने के बजाय झुनझुना पकड़ाने वाला दिख रहा है। बजट में भविष्य के लिए कोई रोडमैप नहीं है। महंगाई और बेरोजगारी से लोग परेशान हैं, लेकिन बजट में इसके लिए कोई प्लान नहीं है। बजट में आम लोगों से जुड़े मुद्दे कहीं नजर ही नहीं आए। मनरेगा का कोई जिक्र ही नहीं हुआ। आम आदमी की इनकम बेहतर करने के लिए की गई घोषणाएं नाकाफी हैं। बजट में नई नौकरियों के मौके भी कुछ खास नहीं दिखे। डॉ. रघु शर्मा, पूर्व केबिनेट मंत्री, राजस्थान

होनहार सिंह राठौड़, प्रधान, पंचायत समिति, केकड़ी

बजट विकासोन्मुखी है। इसमे किसानों के हित का पूरा ध्यान रखा गया है। वित्तमंत्री ने विकास की संभावनाओं को दृष्टिगत रखते हुए बजट बनाया है। इन्कम टैक्स के स्लैब में बदलाव से लोगों की बरसों पुरानी मांग पूरी हुई है। बजट से देश का आधारभूत ढांचा मजबूत होगा। यह बजट आमजन, किसानों, युवाओं और व्यापारियों का हितैषी साबित होगा। बजट प्रावधानों से आर्थिक सुधारों में तेजी आएगी। होनहार सिंह राठौड़, प्रधान, पंचायत समिति, केकड़ी

समरवीर सिंह शक्तावत, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष, केकड़ी

पूरे देश को उम्मीद थी कि बजट गरीबों और आम लोगों के लिए राहत लाएगा। मगर महंगाई से प्रभावित लोगों के लिए भी बजट में कोई राहत नहीं है। देश की अर्थव्यवस्था पूर्ण रूप से चौपट हो गई है। बजट में छोटे उद्योगों को भी किसी प्रकार की राहत नहीं मिली है। अर्थव्यवस्था के किसी भी प्रमुख क्षेत्र के लिए बजट में कोई दिशा और दृष्टि नहीं दिखी। बजट में बेरोजगारों के लिए कुछ भी नहीं किया गया। सबका साथ-सबका विकास का जुमला सुना सुना कर वाहवाही लूटने का प्रयास किया जा रहा है। समरवीर सिंह शक्तावत, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष, केकड़ी

 

 

RELATED ARTICLES