केकड़ी, 12 जनवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी में रविवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्वावधान में भव्य पथ संचलन का आयोजन किया गया। पटेल मैदान से शुरू हुआ यह संचलन शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः पटेल मैदान पहुंचकर सम्पन्न हुआ। इस दौरान विभिन्न सामाजिक व धार्मिक संगठनों एवं नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वयंसेवकों का स्वागत किया। संचलन मार्ग को रंगोली बनाकर व बैनरों से सजाया गया था। कई स्थानों पर जनता ने भारतमाता के जयकारों से वातावरण को राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत कर दिया।

संघ का लक्ष्य राष्ट्रीय एकता को मजबूत बनाना पथ संचलन से पहले पटेल मैदान में बौद्धिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ चित्तौड़ प्रांत के गौ सेवा प्रमुख देवाराम ने मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित किया। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के जीवन पर प्रकाश डालते हुए संगठन की महत्ता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि संघ का मुख्य उद्देश्य जातिगत भेदभाव को समाप्त कर राष्ट्रीय एकता को मजबूत करना और भारत को विश्वगुरु बनाने की दिशा में काम करना है।



पूर्ण गणवेश में शामिल हुए स्वयंसेवक पथ संचलन में हर आयु वर्ग के स्वयंसेवक पूर्ण गणवेश में शामिल हुए। मार्च के दौरान स्वयंसेवक कतारबद्ध होकर चल रहे थे और उनके आगे घोषवादन हो रहा था। यह संचलन तेलियान मंदिर, जूनियां गेट, घंटाघर, पुराना हॉस्पिटल, अजमेरी गेट, घंटाघर, सदर बाजार, खिड़की गेट, चारभुजा मंदिर, सूरजपोल गेट, भैरू गेट, सरसड़ी गेट, बस स्टैंड, पुलिस थाने से होते हुए पटेल मैदान पहुंचकर संपन्न हुआ।

