Wednesday, March 12, 2025
Homeधर्म एवं संस्कृतिहर्षोल्लास के साथ मनाई भगवान देवनारायण की जयंती, दर्शनों के लिए लगा...

हर्षोल्लास के साथ मनाई भगवान देवनारायण की जयंती, दर्शनों के लिए लगा भक्तों का तांता, जुलूस में सजाई आकर्षक झांकी

केकड़ी, 04 फरवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी क्षेत्र में मंगलवार को भगवान देवनरायण की 1113 वीं जयंती विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों के साथ हर्षोल्लास पूर्वक मनाई गई। समीपवर्ती मीणों का नयागांव स्थित देवनारायण मंदिर में देवनारायण भगवान के दर्शनों के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही देवनारायण भगवान के दर्शनों के लिए भक्तों का तांता लगा रहा जो कि देर शाम तक चलता रहा। लोगों ने भगवान देवनारायण के खीर, चूरमे का भोग लगाकर मन्नत मांगी। मेले में लगी मणिहारी की दुकानों से लोगों ने जमकर खरीददारी की। इस मौके पर केक काटा गया।

ध्वज पताका चढ़ाई इस दौरान नवयुवक मंडल की ओर से जुलूस निकाला गया। जुलूस में महिलाएं नाचते गाते हुए चल रही थी। जुलूस देवनारायण भगवान के स्थान पर जाकर संपंन्न हुआ। जहां पर ग्रामीणों की ओर से भगवान देवनारायण के ध्वज पताका चढ़ाई गई। जुलूस में भगवान देवनारायण की आकर्षक झांकी सजाई गई। भगवान देवनारायण जयंती पर उमड़ी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस का अतिरिक्त जाब्ता तैनात रहा। सुरक्षा के लिहाज से दिनभर सदर थाना प्रभारी नाहर सिंह मय पुलिस जाब्ते के तैनात रहे।

हजारों लोगों ने किए दर्शन देवनारायण जयंती पर दर्शन के लिए हजारों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। केकड़ी सहित देवली, भीलवाड़ा, अजमेर, बूंदी व अन्य जिलों से भी हजारों लोग दर्शन करने के लिए पहुंचे। वहीं सुबह से ही हजारों पैदल यात्रियों के आने का सिलसिला भी अनवरत जारी रहा। डीजे के साथ कई पैदल यात्री भगवान देवनारायण के मंदिर पहुंचे और दर्शन कर मन्नत मांगी। महिलाओं व बच्चों ने मणिहारी की दुकानों पर जमकर खरीददारी की। इस दौरान बच्चों ने खिलौने आदि खरीदें वहीं महिलाओं ने मणिहारी के सामानों की खरीददारी की।  

RELATED ARTICLES