केकड़ी, 13 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): जयपुर मार्ग पर जूनियां व केकड़ी के बीच रविवार को मालवाहक टेम्पो अनियंत्रित होकर पलटी खा गया। जिससे टेम्पो में सवार 8 से 10 यात्रियों को चोटें आई। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए केकड़ी के राजकीय जिला चिकित्सालय लाया गया है। राहत की बात यह रही कि सभी घायल खतरे से बाहर है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, टेम्पो चालक जूनियां में माल खाली करने के बाद केकड़ी लौट रहा था। वापसी के दौरान उसने कुछ सवारियों को भी अपने वाहन में बैठा लिया। धुवालियां के समीप अचानक टेम्पो अनियंत्रित होकर पलट गया।

मौके पर मची चीख पुकार हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। वहां से गुजर रहे ग्रामीणों ने घायलों को संभाला। दुर्घटना की सूचना मिलने पर सिटी थाना पुलिस के एएसआई शंकरलाल खींची, हैड कांस्टेबल कालूराम मय पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने बताया कि सभी घायलों की स्थिति स्थिर है और उन्हें मामूली चोटें आई हैं। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच में टेम्पो की तेज गति या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है।

ये हुए घायल हादसे में पुरानी अरवड़ निवासी हरनाथ कीर (45) पुत्र छोटू व मैनादेवी कीर (42) पत्नी हरनाथ कीर, भट्टा कॉलोनी केकड़ी निवासी रेहाना बेगम (30) पत्नी सलीम पठान, फरीदा बेगम (32) पत्नी अकबर, आकिब (10) पुत्र अकबर, अहमद रजा (8) पुत्र सलीम खान, रूखसार बेगम (40) पत्नी अमानुल्ला व नजमा (48) पत्नी अब्दुल लतीफ जूनियां निवासी विष्णु धोबी (20) पुत्र ओमप्रकाश, सुनीता धोबी (42) पत्नी ओमप्रकाश धोबी एवं लाली बेगम (50) पत्नी अब्दुल शकूर घायल हो गए।
