Wednesday, April 30, 2025
Homeराजनीतिनेशनल हेराल्ड मामला: कांग्रेस ने किया विरोध प्रदर्शन, संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग...

नेशनल हेराल्ड मामला: कांग्रेस ने किया विरोध प्रदर्शन, संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग का लगाया आरोप

केकड़ी, 18 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): नेशनल हेराल्ड अखबार और एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड (AJL) से जुड़े मनी लॉड्रिंग केस में कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ ईडी द्वारा चार्जशीट पेश करने के मामले में शुक्रवार को कांग्रेस की ओर से प्रदर्शन किया गया। यह प्रदर्शन पूर्व मंत्री डॉ. रघु शर्मा के नेतृत्व में किया गया, जिसमें कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पटेल मैदान स्थित कांग्रेस कार्यालय से तीनबत्ती चौराहे तक रैली निकाली। रैली में प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और ईडी का पुतला दहन कर अपना विरोध जताया। इस मौके पर अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

सोनिया-राहुल को दोषी साबित करने का प्रयास रैली को संबोधित करते हुए डॉ. रघु शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है। नेशनल हेराल्ड मामले में सरकार कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सोनिया गांधी को दोषी साबित करने की कोशिश कर रही है। जबकि भाजपा ने देश की संपत्तियों को बेचकर युवाओं के साथ धोखा किया है। उन्होंने भाजपा पर सांप्रदायिक और धार्मिक भावनाओं को भड़काकर अराजकता फैलाने का भी आरोप लगाया। डॉ. शर्मा ने कहा कि लोकसभा में राहुल गांधी इन मुद्दों पर आवाज उठा रहे हैं, लेकिन भारतीय जनता पार्टी उनकी आवाज को दबाने की कोशिश कर रही है।

चिकित्सा व्यवस्था पर साधा निशाना डॉ. शर्मा ने कहा कि राजस्थान में डबल इंजन सरकार फेल हो चुकी है। मुख्यमंत्री भजनलाल को राज्य के हालात की जानकारी नहीं है। मंत्री असहाय और अधिकारी बेलगाम है। पूरे प्रदेश की चिकित्सा व्यवस्था चरमराई हुई है। बजरी माफिया दोनों हाथों से लूट मचा रहे है। इस मौके पर युवा नेता सागर शर्मा, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह शक्तावत, नगर अध्यक्ष हेमंत जैन, सभापति कमलेश साहू, वरिष्ठ कांग्रेस नेता मोहम्मद सईद नकवी, पार्षद रमाकांत दाधीच, रतन पंवार, दिनेश मेवाड़ा, अतुल दाधीच, धन्नालाल डसाणियां, मोहम्मद असलम, हनुमान बाथरा, गोमा जाट, राजेश शर्मा समेत अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES