Sunday, March 8, 2026
Homeधर्म एवं संस्कृतिसावन के पहले सोमवार भोले के जयकारे की गूंज, विधायक शत्रुघ्न गौतम...

सावन के पहले सोमवार भोले के जयकारे की गूंज, विधायक शत्रुघ्न गौतम ने किया शिव परिवार का पूजन और अभिषेक

केकड़ी, 14 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): देवाधिदेव महादेव की भक्ति और उपासना के पवित्र सावन माह के पहले सोमवार को नगर के विभिन्न शिव मंदिर भगवान भोले के जयकारों से गूंजायमान हो उठे। शहर के अधिकांश शिवालयों में सहस्त्र जलधारा का आयोजन किया गया। जलाभिषेक के बाद महाआरती हुई। सायंकाल प्रतिमाओं का आकर्षक श्रृंगार किया गया। सावन का पहला सोमवार होने के कारण श्रद्धालुओं में विशेष जोश नजर आया। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी शहर मंडल द्वारा घंटाघर स्थित निर्मलेश्वर महादेव मंदिर में अभिषेक कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें विधायक शत्रुघ्न गौतम ने विधिवत पूजा-अर्चना की और शिव परिवार का अभिषेक किया। इस दौरान व्यापार मंडल द्वारा विधायक गौतम का माला और साफा पहनाकर अभिनंदन किया गया।

केकड़ी: घंटाघर स्थित निर्मलेश्वर महादेव मंदिर में आकर्षक ढंग से श्रृंगारित देव प्रतिमाएं।

छगनपुरा स्थित शिव मंदिर में भी किया अभिषेक: निर्मलेश्वर महादेव मंदिर में अभिषेक के बाद विधायक गौतम छगनपुरा स्थित शिव मंदिर भी पहुंचे। जहां उन्होंने पूजा-अर्चना और जलाभिषेक किया। उपस्थित भक्तजनों ने भगवान शिव के जयकारों के साथ अभिषेक में भाग लिया। इस अवसर पर विधायक गौतम ने क्षेत्र की जनता के लिए सुख-समृद्धि की कामना करते हुए कहा कि भगवान भोलेनाथ की असीम कृपा से सभी केकड़ीवासियों के जीवन में सुख, समृद्धि और आरोग्यता का वास हो तथा केकड़ी निरंतर प्रगति के नए कीर्तिमान स्थापित करता रहे, यही उनकी मंगलकामना है। इस मौके पर कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES