केकड़ी, 18 जुलाई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की केकड़ी इकाई का नगर सम्मेलन शुक्रवार को निजी शिक्षण संस्थान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती व स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन से हुई। प्रथम सत्र में नगर मंत्री प्रवीण सिंह राव ने अतिथियों का स्वागत किया एवं सत्र 2024-25 के दौरान नगर इकाई द्वारा किए गए कार्यों की रिपोर्ट प्रस्तुत की। इसके बाद एबीवीपी अजमेर के जिला संयोजक अभिलेख व्यास ने विद्यार्थी परिषद के इतिहास, कार्यों और कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

समस्याओं के समाधान के लिए किया प्रेरित: दूसरे सत्र में संगठन के जिला प्रमुख बनवारी लाल बैरवा ने “छात्र शक्ति राष्ट्र शक्ति” और “छात्र कल का नहीं, आज का नागरिक” जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रकाश डालते हुए कार्यकर्ताओं को प्रेरित किया। उन्होंने संगठन से उम्मीद जताई कि सभी कार्यकर्ता और अधिक ऊर्जा के साथ छात्रों की समस्याओं को पहचान कर उनका समाधान करने का प्रयास करेंगे।

इन्हें मिली जिम्मेदारी: अंतिम सत्र में भाग संयोजक अजय जांगिड़ ने सत्र 2025-26 के लिए नई नगर कार्यकारिणी की घोषणा की। जिसमें मनोज पाराशर को नगर अध्यक्ष, प्रवीण सिंह राव को नगर मंत्री, अवनीश जांगिड़ को नगर सह-मंत्री, यश पारीक को सोशल मीडिया संयोजक बनाया गया तथा तेजराज मेवाड़ा को विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में शामिल किया गया। अजय जांगिड़ ने बताया कि नगर कार्यकारिणी का विस्तार आने वाले दिनों में किया जाएगा।