Monday, January 19, 2026
Homeक्राइम न्यूजबेजुबानों पर बरपा शिकारियों का कहर: खेतों में चार नीलगायों के क्षत-विक्षत...

बेजुबानों पर बरपा शिकारियों का कहर: खेतों में चार नीलगायों के क्षत-विक्षत शव मिलने से मचा हड़कंप, ग्रामीणों में आक्रोश, वन विभाग व पुलिस ने शुरू की संयुक्त जांच

केकड़ी, 14 जनवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी उपखंड के बघेरा गांव में वन्यजीवों के प्रति क्रूरता का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां खेतों में चार नीलगायों के क्षत-विक्षत शव मिलने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। जिस हालत में शव मिले हैं, उससे प्रथम दृष्टया यह किसी संगठित गिरोह द्वारा शिकार का मामला लग रहा है। घटना के बाद ग्रामीणों में गहरा रोष है तथा दोषियों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्रामीणों ने बघेरा के खेतों में खड़ी फसल के बीच अलग-अलग स्थानों पर नीलगायों के शव देखे। घटना की सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस व वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। क्षेत्रीय वन अधिकारी दुर्गेश सैनी, वनपालक पूनम चौधरी, वनरक्षक सीताराम कुम्हार व राम कुंवार गुर्जर सहित पुलिस टीम ने मौका-मुआयना किया।

अंग गायब, शिकार की ओर इशारा: ग्राम पंचायत प्रशासक लालाराम जाट ने बताया कि नीलगायों के शव बेहद क्षत-विक्षत अवस्था में मिले हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि अज्ञात शिकारियों ने नीलगायों को मारकर उनके महत्वपूर्ण अंग गायब कर दिए हैं तथा अवशेषों को वहीं खेतों में लावारिस छोड़ दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग व पुलिस ने संयुक्त जांच शुरू कर दी है। वनपाल पूनम चौधरी ने बताया कि घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए नियमित गश्त बढ़ाई जाए तथा संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जाए।

RELATED ARTICLES