केकड़ी, 27 जनवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर मंगलवार को केकड़ी में सभी सरकारी बैंकों के कर्मचारी हड़ताल पर रहे। 5-डे वर्किंग (हफ्ते में 5 दिन काम) की आधिकारिक अधिसूचना जारी करने की मांग को लेकर बैंककर्मियों ने कार्य का बहिष्कार किया। गौरतलब है कि शनिवार, रविवार व गणतंत्र दिवस के अवकाश के बाद यह लगातार चौथा दिन है जब बैंकों में कामकाज प्रभावित हुआ है। केकड़ी में प्रमुख रुप से भारतीय स्टेट बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, बैंक ऑफ इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ महाराष्ट्र, यूनियन बैंक, यूको बैंक सहित सभी सरकारी बैंकों पर ताले लटके रहे, जिससे करोड़ों रुपए का कामकाज प्रभावित हुआ।

हड़ताल का मुख्य कारण: बैंक यूनियन व सरकार के बीच विवाद की मुख्य वजह शनिवार की छुट्टी है। बैंक कर्मचारी काफी समय से ‘5-डे वर्क वीक‘ (हफ्ते में केवल 5 दिन काम) को लागू करने की मांग कर रहे हैं। मार्च 2024 में इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) व यूनियनों के बीच सभी शनिवारों को अवकाश घोषित करने पर सहमति बनी थी, लेकिन सरकार ने अभी तक इसका नोटिफिकेशन जारी नहीं किया है। कर्मचारी इसके बदले प्रतिदिन 40 मिनट अतिरिक्त काम करने को भी तैयार हैं।

जनता पर असर व प्रभावित सेवाएं: हड़ताल के चलते स्थानीय बैंकों में कैश ट्रांजैक्शन, चेक क्लियरेंस व केवाईसी (KYC) जैसे महत्वपूर्ण कार्य पूरी तरह ठप रहे। लगातार छुट्टियों व हड़ताल के कारण एटीएम में कैश की किल्लत देखी गई, जिससे आमजन को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। साथ ही लोन एनओसी व अन्य दस्तावेजी कार्यों के लिए ग्राहकों को लंबा इंतजार करना पड़ा। हालांकि डिजिटल ट्रांजैक्शन, यूपीआई व प्राइवेट बैंकों में कामकाज सामान्य रूप से चालू रहा।

