Sunday, February 1, 2026
Homeचिकित्साहोम्योपैथी विद्यार्थियों ने पुलिस थाने का किया शैक्षणिक भ्रमण, समझी कानून व...

होम्योपैथी विद्यार्थियों ने पुलिस थाने का किया शैक्षणिक भ्रमण, समझी कानून व जांच की बारीकियां

केकड़ी, 28 जनवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ होम्योपैथी के द्वितीय, तृतीय व चतुर्थ वर्ष के छात्र-छात्राओं के लिए बुधवार को एक विशेष शैक्षणिक क्षेत्रीय भ्रमण का आयोजन किया गया। फॉरेंसिक मेडिसिन व टॉक्सिकोलॉजी विभाग के तत्वावधान में विद्यार्थियों ने पुलिस थाना शहर का दौरा कर पुलिस की कार्यप्रणाली को करीब से समझा। भ्रमण के दौरान थानाधिकारी कुसुमलता मीणा व अन्य पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को पुलिस जांच की प्रक्रिया, साक्ष्य संकलन व कानूनी औपचारिकताओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने छात्रों के मन में उठ रही विभिन्न शंकाओं का समाधान किया व उन्हें बताया कि चिकित्सा क्षेत्र व पुलिस विभाग किस प्रकार समन्वय के साथ कार्य करते हैं।

व्यावहारिक ज्ञान के लिए जरूरी है ऐसे दौरे: कॉलेज के प्राचार्य व चिकित्सालय अधीक्षक डॉ. पुनीत आर. शाह ने इस गतिविधि की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे क्षेत्रीय भ्रमण विद्यार्थियों में व्यावहारिक ज्ञान को बढ़ाते हैं। उन्होंने बताया कि जन-स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक कार्यप्रणाली को समझने के लिए यह अनुभव छात्रों के लिए अत्यंत सहायक सिद्ध होगा। विभागाध्यक्ष डॉ. गौरव गुप्ता ने बताया कि पाठ्यक्रम की आवश्यकतानुसार इस दौरे का मुख्य उद्देश्य छात्रों को फॉरेंसिक मेडिसिन के व्यावहारिक पहलुओं व पुलिस की कार्यशैली से अवगत करवाना था। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने पुलिस थाने के विभिन्न कक्षों व वहां होने वाली कागजी कार्यवाही का भी अवलोकन किया।

RELATED ARTICLES