Sunday, February 1, 2026
Homeधर्म एवं संस्कृतिहर्षोल्लास के साथ मनाई लोक देवता वीर तेजाजी महाराज की जयंती, रैली...

हर्षोल्लास के साथ मनाई लोक देवता वीर तेजाजी महाराज की जयंती, रैली में विधायक शत्रुघ्न गौतम ने चलाया ट्रैक्टर, श्रद्धालुओं ने लगाया 1001 किलो खीर का भोग

केकड़ी: लोक देवता तेजाजी महाराज की जयंती पर आयोजित ट्रैक्टर रैली में ट्रैक्टर चलाते विधायक शत्रुघ्न गौतम।

केकड़ी, 31 जनवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): लोक देवता वीर तेजाजी महाराज के जन्मोत्सव पर शनिवार को किसान वर्ग द्वारा विशाल ट्रैक्टर रैली निकाली गई। रैली के दौरान पूरा वातावरण तेजाजी महाराज के जयकारों से गूंज उठा। ट्रैक्टर रैली की शुरुआत जयपुर रोड स्थित पोकी नाडी बालाजी मंदिर से हुई। यह रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई अजमेर रोड स्थित तेजाजी महाराज मंदिर परिसर पर संपन्न हुई। रैली में सैकड़ों की संख्या में ट्रैक्टर शामिल थे, जिनके आगे भगवान की आकर्षक झांकी आकर्षण का केंद्र रही। मार्ग में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर रैली का स्वागत किया गया।

केकड़ी: जयंती महोत्सव के दौरान मजीरे बजाते विधायक शत्रुघ्न गौतम।

विधायक ने संभाली ट्रैक्टर की कमान: विधायक शत्रुघ्न गौतम भी इस आयोजन में सम्मिलित हुए। वे स्वयं ट्रैक्टर पर सवार होकर व हाथ में ध्वज थामे रैली के साथ चले। इस दौरान उन्होंने कहा कि वीर तेजाजी महाराज केवल गौरक्षक ही नहीं, बल्कि सत्य व वचनबद्धता के जीवंत प्रतीक थे। उन्होंने समाज व राष्ट्र के उत्थान के लिए उनके जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। विधायक ने बताया कि तेजाजी ने गायों की रक्षा हेतु अपने प्राणों का बलिदान देकर निरीह जीवों के संरक्षण का अमर संदेश दिया है। इस भव्य आयोजन में बड़ी संख्या में किसान, श्रद्धालु व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

केकड़ी: तेजाजी की जयंती पर निकाली गई रैली में शामिल ट्रैक्टर।

1001 किलो खीर का लगा महाभोग: जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में तेजाजी महाराज मंदिर में विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। मंदिर परिसर को भव्य रूप से सजाया गया व तेजाजी महाराज को 1001 किलो खीर का महाभोग लगाया गया। इसके पश्चात बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान बिंदोरी मंडल द्वारा तेजाजी महाराज के भजनों की सुमधुर प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों ने भी शिरकत की। उपखंड अधिकारी दीपांशु सांगवान ने कहा कि तेजाजी महाराज समस्त समाज के लोक देवता हैं। उनके सत्य व गोरक्षा के सिद्धांतों को जीवन में उतारना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है।

RELATED ARTICLES