केकड़ी, 31 जनवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): अजमेर रोड स्थित हजरत पठान शाह पीर बाबा का दो दिवसीय सालाना उर्स शनिवार से पूरी अकीदत, सूफियाना रंग व आपसी भाईचारे के साथ प्रारंभ हुआ। इस धार्मिक आयोजन के अवसर पर दरगाह परिसर व आसपास का क्षेत्र अकीदतमंदों की भीड़ से गुलजार नजर आया। उर्स कमेटी के सदर फिरोज खान मंसूरी ने बताया कि उर्स की शुरुआत शनिवार सुबह कुरानख्वानी के साथ की गई। इसके पश्चात दोपहर में अजमेरी गेट से चादर का भव्य जुलूस निकाला गया। यह जुलूस नगर के प्रमुख मार्गों घंटाघर, सदर बाजार, खिड़की गेट व बस स्टैंड होता हुआ दरगाह पहुंचा। जहां मजार-ए-शरीफ पर मखमली चादर पेश की गई। जुलूस के दौरान विभिन्न स्थानों से आए मलंगों ने अपने पारंपरिक करतब दिखाकर माहौल को रूहानी बना दिया। इस दौरान उर्स के जश्न में 21 किलो का केक काटकर खुशियां मनाई गईं।

लंगर की व्यवस्था व कुल की रस्म: उर्स के दौरान कमेटी द्वारा सभी जायरीनों के लिए लंगर की समुचित व्यवस्था की गई है। इस आयोजन को सफल बनाने में दरगाह कमेटी के सदर फिरोज मंसूरी, जाकिर हुसैन, अब्दुल रशीद सिलावट, अनवर सिलावट, प्रिंस खान, इमरान सिलावट, शौकत अब्बासी, लाल मोहम्मद, इब्राहिम देशवाली, रईस कुरैशी, गजेंद्र सिंह, राजू हम्माल सहित सभी सदस्यों व स्थानीय नागरिकों का पूर्ण सहयोग रहा। शनिवार रात्रि को दरगाह परिसर में भव्य ‘महफिल-ए-कव्वाली‘ का आयोजन किया जाएगा। इसमें इंदौर के मशहूर कव्वाल आमिर हसन चिश्ती व कपासन के प्रसिद्ध फनकार असरार इकबाल चिश्ती सूफियाना कलाम पेश करेंगे। रविवार दोपहर रंग की महफिल के बाद कुल की रस्म अदा की जाएगी, जिसके साथ ही दो दिवसीय उर्स का विधिवत समापन होगा।


