Sunday, March 22, 2026
Homeक्राइम न्यूजराजमार्ग पर लूट की वारदात: नकाबपोश बदमाशों ने महिला के चेहरे पर...

राजमार्ग पर लूट की वारदात: नकाबपोश बदमाशों ने महिला के चेहरे पर झपट्टा मार छीनी सोने की नथ

केकड़ी, 3 फरवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सदर थाना इलाके में जयपुर-भीलवाड़ा राजमार्ग पर उगाई गांव के पास सोमवार देर शाम सवा मोहर सोने की नथ लूट की वारदात सामने आई है। अज्ञात बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने महिला का ध्यान भटकाकर झपट्टा मारते हुए सोने की नथ लूट ली और मौके से फरार हो गए। घटना सोमवार शाम करीब 6 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार आलोली निवासी रोडूराम पुत्र सुखदेव गुर्जर अपनी पत्नी रसाली देवी गुर्जर के साथ केकड़ी जिला अस्पताल में भर्ती रिश्तेदारों से मिलने आया था।

गांव लौटते समय हुई घटना: सोमवार शाम करीब 5.30 बजे वह अपनी पत्नी को बाइक पर बैठाकर गांव लौट रहा था। उगाई गांव से आगे जयपुर-भीलवाड़ा राजमार्ग पर पीछे से आए अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने महिला की लुगड़ी के टायर में फंसने की बात कहकर उनका ध्यान भटकाया और अचानक चेहरे पर झपट्टा मारते हुए सोने की नथ छीन ली। वारदात के बाद बदमाश छोटा शाहपुरा गांव की ओर फरार हो गए। घटना से दंपती घबरा गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने किया मौका मुआयना: सूचना पर सदर थाना पुलिस के एएसआई शिवराज मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। सदर थाना पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सदर थानाधिकारी जगदीश चैधरी ने बताया कि आसपास के मार्गों की सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है और बदमाशों की तलाश की जा रही है।

अस्पताल से ही पीछा करने की आशंका: पीड़ित ने आशंका जताई है कि अज्ञात बदमाश केकड़ी जिला अस्पताल से ही उनका पीछा कर रहे थे। मौका मिलते ही उगाई के पास वारदात को अंजाम दिया गया। वारदात के समय बदमाशों ने चेहरे पर नकाब लगा रखा था और लूट के बाद छोटा शाहपुरा गांव की ओर कच्चे रास्ते से फरार हो गए। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि बदमाश पहले से रेकी कर रहे थे।

RELATED ARTICLES