केकड़ी, 22 फरवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सरवाड़ थाना क्षेत्र में अजमेर-कोटा स्टेट हाइवे पर शनिवार देर रात हुए सड़क हादसे में एक 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार जूनियां निवासी शिवराज खटीक (35) पुत्र रामपाल खटीक सरवाड़ स्थित अपने ससुराल में आयोजित एक विवाह समारोह में शामिल होकर बाइक पर वापस गांव लौट रहा था। तभी पेट्रोल पंप के पास एक अनियंत्रित पिकअप ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के तुरंत बाद शिवराज को राजकीय चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची व शव को मोर्चरी में रखवाया।

परिजन को सौंपा शव: पुलिस ने रविवार सुबह पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बताया जाता है कि मृतक शिवराज के एक पुत्र व एक पुत्री है। वह मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। अचानक हुए हादसे से परिवार में कोहराम मच गया है व परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सरवाड़ पुलिस ने मृतक के भाई कालूराम खटीक की रिपोर्ट पर दुर्घटना कारित करने वाले वाहन चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है व मामले की जांच शुरू कर दी है।


