केकड़ी, 27 फरवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): जयपुर में केकड़ी डिपो की चलती रोडवेज बस में शुक्रवार दोपहर अचानक आग लग गई। आग लगने के दौरान बस में मौजूद 70 सवारियों ने बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। मानसरोवर फायर स्टेशन से पहुंची 2 दमकलों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। शॉर्ट सर्किट से लगी आग से बस पूरी तरह जलकर कबाड़ में बदल गई। मानसरोवर फायर स्टेशन की फायरमैन शकुंतला सैनी ने बताया कि जयपुर के सिंधी कैम्प से राजस्थान रोडवेज की बस केकड़ी जाने के लिए शुक्रवार दोपहर रवाना हुई थी। रोडवेज बस में केकड़ी जाने के लिए 70 यात्री सवार थे। दोपहर करीब 2:40 बजे मानसरोवर रीको चौराहे से सांगानेर की ओर जाते समय अचानक चलती बस में आग लग गई।

सवारियों में फैली दहशत: धुआं निकलने के साथ ही आग की लपटें चलती बस से उठती दिखाई दीं। आग की लपटों से बस को दौड़ते देखकर राहगीरों व सवारियों में दहशत फैल गई। ड्राइवर ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोका। बस में सवार सभी सवारियों को जैसे-तैसे बाहर निकाला गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। शॉर्ट सर्किट से लगी आग वायर से होते हुए इंजन तक पहुंच गई। रोडवेज बस में आग लगने की सूचना पर फायर स्टेशन से 2 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड स्टाफ ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से रोडवेज बस जलकर पूरी तरह कबाड़ में बदल गई। हादसे में किसी व्यक्ति के झुलसने या चोटिल होने की बात से इनकार किया गया है।


