Friday, February 27, 2026
Homeतकनीकनाइलिट की 29वीं निदेशक बैठक: डिजिटल सशक्तिकरण व कौशल विकास पर मंथन,...

नाइलिट की 29वीं निदेशक बैठक: डिजिटल सशक्तिकरण व कौशल विकास पर मंथन, चार ‘उत्कृष्टता केंद्रों’ का भव्य उद्घाटन

केकड़ी, 27 फरवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (नाइलिट) की 29वीं निदेशक बैठक का आयोजन संस्थान के कोहड़ा स्थित परिसर में अत्यंत भव्यता के साथ संपन्न हुआ। इस महत्वपूर्ण बैठक में देशभर के नाइलिट केंद्रों के निदेशकों व वरिष्ठ अधिकारियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ तिलक व पारंपरिक स्वागत समारोह से हुआ। संस्थान के महानिदेशक डॉ. एम. एम. त्रिपाठी ने मां सरस्वती की मूर्ति का अनावरण किया।

केकड़ी: नाइलिट की निदेशक बैठक में मौजूद विभिन्न सेंटरों से आए डायरेक्टर।

चार नए सेंटर ऑफ एक्सीलेंसकी सौगात: इस अवसर पर अतिथियों द्वारा अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित चार उत्कृष्टता केंद्रों (Centers of Excellence) का विधिवत उद्घाटन किया गया। इनमें कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), बिग डेटा एनालिटिक्स, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) व साइबर सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं। शुरुआत में छात्राओं ने स्वागत नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी।

केकड़ी: नाइलिट की निदेशक बैठक में मंचासीन अतिथिगण।

कौशल विकास व डिजिटल सशक्तिकरण पर जोर: स्वागत उद्बोधन में कार्यकारी निदेशक डॉ. संजीव कुमार गुप्ता ने केंद्र की उपलब्धियों व भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी। महानिदेशक डॉ. त्रिपाठी ने अपने संबोधन में युवाओं के कौशल विकास, डिजिटल सशक्तिकरण व उभरती प्रौद्योगिकियों के प्रशिक्षण को और अधिक सुदृढ़ करने पर विशेष बल दिया।

केकड़ी: केकड़ी: नाइलिट की निदेशक बैठक में आए विभिन्न सेंटरों के डायरेक्टर।

चिंतन शिविर व भविष्य की रणनीति: बैठक के दौरान चिंतन शिविरके अंतर्गत दो विशेष सत्र आयोजित किए गए। इसमें विभिन्न केंद्रों के निदेशकों ने संस्थागत विकास, नवाचार व प्रशिक्षण की गुणवत्ता सुधारने हेतु अपनी प्रस्तुतियाँ दीं। सत्र के दौरान भविष्य की रणनीतियों पर विस्तृत चर्चा की गई। खुली चर्चा के बाद बैठक का विधिवत समापन हुआ। इस दौरान अतिथियों ने परिसर में वृक्षारोपण भी किया।

RELATED ARTICLES