Thursday, March 5, 2026
Homeराजनीतिअधूरे भवन के उद्घाटन पर विधानसभा में बहस; विधायक शत्रुघ्न गौतम ने...

अधूरे भवन के उद्घाटन पर विधानसभा में बहस; विधायक शत्रुघ्न गौतम ने प्रश्नकाल में उठाया मुद्दा, स्वास्थ्य मंत्री बोले-विभाग की अनुमति के बिना हुआ था उद्घाटन

केकड़ी, 05 मार्च (आदित्य न्यूज नेटवर्क): राजकीय जिला चिकित्सालय में निर्मित मातृ एवं शिशु अस्पताल (एमसीएच) विंग के उद्घाटन को लेकर गुरुवार को विधानसभा में जोरदार बहस देखने को मिली। विधायक शत्रुघ्न गौतम ने प्रश्नकाल के दौरान अधूरे भवन के आनन-फानन में किए गए उद्घाटन पर सरकार से जवाब मांगा। विधायक के सवाल के जवाब में चिकित्सा व स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने कहा कि एमसीएच विंग का निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ था, इसके बावजूद विभाग की मंजूरी के बिना ही उद्घाटन कर दिया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभाग से इसकी कोई औपचारिक अनुमति नहीं ली गई थी। इस पर विधायक गौतम ने कहा कि औपचारिक व अनौपचारिक उद्घाटन आखिर क्या होता है? आज भी परिसर में उद्घाटन पट्टिका लगी हुई है, जिस पर तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री, उनके पुत्र व कांग्रेस कार्यकर्ताओं के नाम अंकित हैं।

आचार संहिता से ठीक पहले का मामला: विधायक गौतम ने आरोप लगाया कि वर्ष 2023 में आचार संहिता लगने से मात्र चार दिन पहले तत्कालीन सरकार द्वारा राजनीतिक लाभ के लिए यह कदम उठाया गया। उन्होंने सवाल किया कि बिना पूर्ण कार्य व बिना विभागीय अनुमति के शिलापट्ट कैसे लग गए? उन्होंने सरकार से इस मामले में जवाबदेही तय करने व दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने सदन को आश्वस्त किया कि चूंकि विभाग से अनुमति नहीं ली गई थी, इसलिए इसमें विभागीय प्रक्रिया का उल्लंघन हुआ है। उन्होंने कहा कि वे इस पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कराएंगे व प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

RELATED ARTICLES