केकड़ी, 13 मार्च (आदित्य न्यूज नेटवर्क): तरूण खटीक हत्याकांड के विरोध में समाज का आक्रोश गहराता जा रहा है। शुक्रवार को खटीक समाज द्वारा आक्रोश व्यक्त करते हुए उपखण्ड अधिकारी के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन प्रेषित किया गया। इस ज्ञापन में जघन्य अपराध के दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलवाने व पीड़ित परिवार को तत्काल सुरक्षा मुहैया करवाने की मांग की गई है। ज्ञापन में लिखा कि उत्तम नगर निवासी तरूण खटीक की हत्या असामाजिक तत्वों द्वारा कर दी गई, जिससे परिवारजनों सहित सम्पूर्ण समाज को गहरा आघात पहुंचा है। समाज ने स्पष्ट रूप से मांग रखी है कि अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही कर उन्हें फांसी की सजा से दण्डित किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो सके।

सुरक्षा मुहैया कराए सरकार: इसी के साथ परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए एक करोड़ रुपए की मुआवजा राशि दी जाए तथा पीड़ित परिवार को पुलिस सुरक्षा व परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए। खटीक समाज के प्रतिनिधियों का कहना है कि क्षेत्र के वर्तमान हालातों को देखते हुए परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करना नितांत आवश्यक है। ज्ञापन सौंपने से पहले समाज के लोगों ने रैली निकालकर प्रदर्शन किया। इस दौरान एडवोकेट रोडूमल सोलंकी, किशन गोपाल परेवा, सोहन लाल जगरवाल, देवीलाल खींची, राजू खींची, योगेश जगरवाल, श्याम बुरासिया, कालू तंवर, नोरत मल सांखला सहित समाज के कई सदस्य उपस्थित रहे।


