केकड़ी, 01 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): विधायक शत्रुघ्न गौतम की अनुशंसा एवं आमजन की मांग पर रोडवेज प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए कई महत्वपूर्ण मार्गों पर नई बस सेवाओं का संचालन शुरू करने का निर्णय लिया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं, जिससे विभिन्न शहरों के बीच कनेक्टिविटी और बेहतर होगी। केकड़ी डिपो के मुख्य प्रबंधक हेमराज मीणा ने बताया कि नए शेड्यूल के अनुसार, लंबी दूरी व क्षेत्रीय कनेक्टिविटी के लिए केकड़ी से कई नई बसें शुरू की जा रही है।

ये है नई सेवाएं: मीणा ने बताया कि केकड़ी से जयपुर व पिलानी मार्ग पर सुबह 04:30 बजे प्रस्थान कर यह बस जयपुर होते हुए पिलानी पहुंचेगी। वापसी में पिलानी से शाम 06:00 बजे प्रस्थान करेगी। केकड़ी से दिल्ली के लिए बस सुबह 11:20 बजे प्रस्थान कर रात 09:00 बजे गंतव्य पहुंचेगी। वापसी में दिल्ली से रात 11:10 बजे प्रस्थान का समय निर्धारित किया गया है। इसी प्रकार केकड़ी से कोटा के लिए शाम 04:15 बजे प्रस्थान कर यह बस सावर होते हुए कोटा पहुंचेगी। वहीं कोटा से जोधपुर वाया केकड़ी के बीच भी नियमित फेरे संचालित किए जाएंगे। यात्रियों की सुविधाओं को देखते हुए सावर-बाजटा, सरवाड़-अजमेर व नसीराबाद के लिए भी नई सेवाएं शुरू की गई है तथा कुछ के समय में बदलाव किया गया है।

यात्रियों को मिलेगा सीधा लाभ: मुख्य प्रबंधक द्वारा जारी इस आदेश के बाद अब यात्रियों को जयपुर, दिल्ली, कोटा व जोधपुर जैसे बड़े शहरों के लिए सुलभ परिवहन उपलब्ध होगा। इन सेवाओं के विस्तार से न केवल समय की बचत होगी, बल्कि यात्रियों को सुगम व सुरक्षित यात्रा का विकल्प भी मिलेगा। उन्होंने बताया कि सभी बस सेवाएं आदेशानुसार दिनांक 02.04.2026 से पूर्णतः प्रभावी मानी जाएंगी। यात्री विस्तृत समय-सारणी के लिए स्थानीय बस स्टैंड के पूछताछ केंद्र पर संपर्क कर सकते हैं।


