Homeचिकित्साविश्व ऑटिज्म जागरूकता दिवस पर शिविर आयोजित, विद्यार्थियों व शिक्षकों को दी...

विश्व ऑटिज्म जागरूकता दिवस पर शिविर आयोजित, विद्यार्थियों व शिक्षकों को दी लक्षणों की जानकारी

केकड़ी, 02 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): विश्व ऑटिज्म जागरूकता दिवस के अवसर पर पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ होम्योपैथी के प्रैक्टिस ऑफ मेडिसिन विभाग द्वारा आयोजित इस शिविर में विद्यार्थियों व शिक्षकों को ऑटिज्म के लक्षणों एवं इसकी पहचान के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। इस वर्ष यह कार्यक्रम ऑटिज्म व मानवता-हर जीवन मूल्यवान हैविषय पर आधारित रहा। शिविर के चिकित्सा प्रभारी व विभागाध्यक्ष डॉ. अंशुल चाहर ने बताया कि ऑटिज्म एक न्यूरो-डेवलपमेंटल स्थिति है, जो बच्चे के सामाजिक व्यवहार को प्रभावित करती है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते इसके लक्षणों की पहचान कर ली जाए, तो विशेष प्रशिक्षण व उचित चिकित्सा के माध्यम से बच्चों को बेहतर सहयोग प्रदान किया जा सकता है।

संवेदनशीलता व होम्योपैथी की भूमिका: प्रैक्टिस ऑफ मेडिसिन विभाग की सहायक आचार्य डॉ. साक्षी शर्मा ने ऑटिज्म से प्रभावित व्यक्तियों के प्रति समाज में संवेदनशीलता बढ़ाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे व्यक्तियों को हीन भावना से देखने के बजाय उनके प्रति सहयोग का भाव रखना चाहिए। डॉ. शर्मा ने ऑटिज्म प्रबंधन में होम्योपैथी की महत्ता को भी रेखांकित किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य गोपाल लाल रेगर ने चिकित्सकों की टीम का आभार प्रकट करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों का मानसिक व सामाजिक विकास होता है। इस अवसर पर विनोद जैन, राजेंद्र जैन, व्याख्याता रमेश डसानिया, गुलाब मेघवंशी, परिचय पाण्डेय, वेणु सेन, जुगल जाखल, देवेन्द्र धंधोलिया व सुरेश चौधरी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES