केकड़ी, 02 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): अजमेर-कोटा स्टेट हाईवे स्थित राजपुरा गांव में मार्बल स्लरी के कारण गोवंश की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने गुरुवार को सावर-केकड़ी मार्ग पर जाम लगा दिया। करीब आधे घंटे तक चले इस प्रदर्शन के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं व यातायात पूरी तरह बाधित रहा।ग्रामीणों का आरोप है कि सावर के रीको औद्योगिक क्षेत्र में संचालित मार्बल इकाइयां नियमों को ताक पर रखकर आम रास्तों व एनीकट में स्लरी डाल रही हैं। इस दलदली स्लरी में फंसकर आए दिन गोवंश घायल हो रहे हैं व उनकी अकाल मृत्यु हो रही है। विरोध जताने के लिए ग्रामीण एक घायल बछड़ी को सड़क पर लाकर धरने पर बैठ गए।

प्रशासनिक समझाइश के बाद खुला जाम: घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राधेश्याम जाट पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके पश्चात तहसीलदार भगवती प्रसाद शर्मा व पटवारी भरत शर्मा ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों से वार्ता की। ग्रामीणों ने मार्बल इकाइयों के खिलाफ सख्त कार्रवाई व इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग रखी। प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया, जिसके बाद आवागमन सुचारू हो सका।


