केकड़ी, 06 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): बढ़ते कदम गौशाला संस्थान के तत्वावधान में आगामी 22 अप्रैल को विशाल भजन संध्या “एक शाम गोमाता के नाम” आयोजित की जाएगी। संस्थान के अध्यक्ष अशोक पारीक ने बताया कि गौ सेवा व भारतीय संस्कृति के संरक्षण को समर्पित आयोजन में सुप्रसिद्ध गौ भक्त व भजन सम्राट ओम मुंडेल अपनी मधुर प्रस्तुतियों से श्रोताओं को भावविभोर करेंगे। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भजनों के माध्यम से गौ माता की महिमा, सेवा व संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। गौशाला सचिव राजेंद्र बियानी ने बताया कि यह विशाल आयोजन पटेल मैदान पर सायंकाल 7:30 बजे से प्रारंभ होगा।

विधायक शत्रुघ्न गौतम होंगे मुख्य अतिथि: कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक शत्रुघ्न गौतम उपस्थित रहेंगे। मंच का संचालन अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त कवि बुद्धि प्रकाश दाधीच द्वारा अपनी ओजस्वी शैली में किया जाएगा। मीडिया प्रभारी महेंद्र प्रधान ने जानकारी दी कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। सोशल मीडिया व अन्य माध्यमों से प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। संस्थान ने क्षेत्र के सभी गौ भक्तों व श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर इस पुनीत अभियान को सफल बनाने की अपील की है।


