केकड़ी, 06 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): शहर थाना पुलिस ने चोरी व नकबजनी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान कड़ी मशक्कत व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर एक शातिर बाइक चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद करने में सफलता हासिल की है। थानाधिकारी अनिल शर्मा ने बताया कि शम्भूगढ़ मोटरास जिला भीलवाडा निवासी अंशुल पुरोहित ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि गत 16 मार्च को पुराना अस्पताल परिसर स्थित होम्योपैथिक नर्सिंग कॉलेज के प्रांगण में अपनी टीवीएस स्टार सिटी मोटरसाइकिल खड़ी की थी। क्लास लेकर लौटने पर मोटरसाइकिल वहां नहीं मिली।

पुलिस ने शुरू की सघन जांच: प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील व पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा के निकटतम सुपरविजन में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल के आसपास व शहर के विभिन्न मार्गों पर लगे लगभग 50 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी विश्लेषण व मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध नेमीचन्द गुर्जर (25) पुत्र रामफूल निवासी श्रीमा (हरिपुरा) थाना निवाई जिला टोंक को डिटेन किया।

नशे की लत के कारण की चोरी: पुलिस द्वारा की गई गहन पूछताछ में आरोपी नेमीचन्द ने कबूल किया कि वह नशे का आदी है। आरोपी ने अपनी इसी लत को पूरा करने के लिए उसने अस्पताल परिसर से मोटरसाइकिल चोरी की थी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई बाइक बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस सफल कार्यवाही में थानाधिकारी अनिल कुमार, हेड कांस्टेबल मदन लाल, कांस्टेबल भागचन्द, केदार, नीरज सिंह व पुखराज की मुख्य भूमिका रही। पुलिस अब आरोपी से अन्य संभावित वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है। बताया जाता है कि आरोपी शातिर बदमाश है तथा इसके खिलाफ निवाई थाने में कई आपराधिक प्रकरण दर्ज है।

